सेंथल में धूमधाम से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी

सेंथल में ईद-मिलादुन्नबी के अवसर पर जुलूस-ए-मोहम्मदी धूमधाम से निकाला गया। लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और भाईचारे का संदेश दिया।

सेंथल में धूमधाम से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी
HIGHLIGHTS:

सुन्नी जामा मस्जिद से निकाला गया जुलूस-ए-मोहम्मदी।

इमामबाड़ा-ए-सलमानी में उलेमा ने तकरीर कर इस्लामी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला।

विभिन्न समुदायों के लोगों ने पुष्पवर्षा कर जुलूस का स्वागत किया।

जन माध्यम
बरेली सेंथल।
ईद-मिलादुन्नबी और बारहवीं शरीफ के मौके पर मंगलवार को नगर में हर वर्ष की तरह जुलूस-ए-मोहम्मदी धूमधाम से निकाला गया। जुलूस सुन्नी जामा मस्जिद से शुरू होकर नगर के विभिन्न चौराहों और तिराहों से गुजरा।

जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान नारे बुलंद किए गए और घरों में लंगर एवं नियाज का सिलसिला भी चलता रहा। नगर में धार्मिक उत्साह का माहौल दिखाई दिया।

जुलूस जब इमामबाड़ा-ए-सलमानी पहुंचा तो वहां मौजूद आलिम-ए-दीन ने तकरीर के माध्यम से लोगों को इस्लामी शिक्षाओं की जानकारी दी और रसूल की सीरत पर चलने की अपील की।

जुलूस के दौरान नगर के विभिन्न सामाजिक लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और मुबारकबाद पेश की। हिंदू समुदाय के लोगों ने भी जगह-जगह फूल बरसाकर जुलूस का स्वागत किया। इससे नगर में आपसी भाईचारे और एकता का संदेश दिखाई दिया।

जुलूस में शामिल छोटे बच्चों की मौजूदगी ने आयोजन को और आकर्षक बना दिया। वहीं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक जिम्मेदारियां निभाईं, जिसके बीच जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।