यूपी में बरेली नंबर वन। 88,196 डुप्लीकेट वोटर हटाए, पंचायत मतदाता सूची सबसे शुद्ध

बरेली ने 3.94 लाख संभावित डुप्लीकेट में से 88,196 नाम हटाकर पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया, DM की सख्ती रंग लाई।

यूपी में बरेली नंबर वन।  88,196 डुप्लीकेट वोटर हटाए, पंचायत मतदाता सूची सबसे शुद्ध
HIGHLIGHTS:

➡️ बरेली यूपी में टॉप: 88,196 डुप्लीकेट वोटर हटाए
➡️ 3.94 लाख संभावित में से 88 हजार डुप्लीकेट पकड़े
➡️ DM अविनाश सिंह की सख्ती, तहसील स्तर पर कड़ी निगरानी
➡️ सबसे ज्यादा सदर तहसील: 23,631 डुप्लीकेट
➡️ टॉप-3 बीएलओ को 10, 8 और 6 हजार का इनाम
➡️ पंचायत चुनाव के लिए सबसे शुद्ध मतदाता सूची तैयार

हसीन दानिश/ जन माध्यम 
बरेली।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण अभियान को जिले में रविवार को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। इस दौरान 3 लाख 94 हजार 886 संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची का सत्यापन किया गया, जिसमें 88 हजार 196 मतदाता डुप्लीकेट पाए गए और उन्हें मतदाता सूची से हटा दिया गया। फीडिंग कार्य में तेजी और सटीकता के कारण बरेली जिला पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा।उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) संतोष कुमार सिंह ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग ने 24 नवंबर तक सभी डुप्लीकेट प्रविष्टियों का सत्यापन कर विलोपन की फीडिंग पूरी करने के सख्त निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। डीएम ने स्वयं बीआरसी ऑपरेटरों के साथ बैठक कर फीडिंग में आ रही तकनीकी दिक्कतों का तुरंत निस्तारण कराया। तहसील स्तर पर सत्यापन एवं फीडिंग की निगरानी के लिए एडीएम (ई), एडीएम सिटी और एडीएम न्यायिक को दो-दो तहसीलें आवंटित की गई थीं।
सत्यापन के बाद सामने आया कि 3,94,886 संभावित डुप्लीकेट में से 3,06,790 प्रविष्टियां सही पाई गईं, जबकि 88,196 मतदाता डुप्लीकेट निकले जिन्हें तत्काल हटा दिया गया। प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर जिलाधिकारी ने सभी एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार, बीडीओ, वीआरसी ऑपरेटर और जिला निर्वाचन कार्यालय की टीम को बधाई दी है। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के टॉप-3 बीएलओ को क्रमशः 10 हजार, 8 हजार और 6 हजार रुपये का नकद पारितोषिक देने की घोषणा की गई है।तहसील-वार डुप्लीकेट मतदाता आंवला तहसील क्षेत्र : 60,170 संभावित में से 17,863 डुप्लीकेट।सदर तहसील क्षेत्र : 78,618 संभावित में से 23,631 डुप्लीकेट।नवाबगंज तहसील : 68,956 संभावित में से 11,127 डुप्लीकेट।बहेड़ी तहसील : 70,481 संभावित में से 13,179 डुप्लीकेट।फरीदपुर तहसील : 51,445 संभावित में से 13,801 डुप्लीकेट।मीरगंज तहसील : 54,260 संभावित में से 9,595 डुप्लीकेट।इस अभियान से पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची अब पूरी तरह शुद्ध और विश्वसनीय हो गई है।