अन्न की बर्बादी रोकें, यही सच्ची जिम्मेदारी: कंबर एजाज़
सैंथल में गणतंत्र दिवस के अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष कंबर एजाज़ शानू ने अन्न की बर्बादी रोकने, भोजन का सम्मान करने और संविधान पालन की अपील की।
➡️ नगर पंचायत अध्यक्ष ने भोजन की बर्बादी रोकने की अपील की
➡️ उतना ही भोजन लें जितना खा सकें: कंबर एजाज़
➡️ बचा भोजन गौशाला तक पहुंचाने का संदेश
➡️ संविधान और कानून पालन पर दिया जोर
सरफराज़ खान । जन माध्यम
सैंथल (बरेली)। नगर पंचायत अध्यक्ष कंबर एजाज़ शानू ने आम जनता से अन्न की बर्बादी रोकने की अपील करते हुए कहा कि भोजन का सम्मान करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अक्सर देखने में आता है कि कई घरों के बाहर रोटी और चावल के ढेर पड़े रहते हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
श्री शानू ने कहा कि लोगों को अपनी थाली में उतना ही भोजन लेना चाहिए, जितना वे खा सकें। यदि किसी कारणवश भोजन बच जाए, तो उसे फेंककर भोजन का अपमान न करें, बल्कि उसे गौशाला तक पहुंचाने का प्रयास करें, ताकि वह किसी के काम आ सके।
नगर पंचायत अध्यक्ष यह बातें आज 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में नगर पंचायत परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी का दिन हमारे देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी दिन भारत का संविधान लागू हुआ और देश को पूर्ण रूप से लोकतांत्रिक व्यवस्था मिली।
उन्होंने समस्त नागरिकों से संविधान और कानून का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक बनकर ही हम देश को मजबूत बना सकते हैं।
कार्यक्रम में पत्रकार सरफराज खान, ताहिर अली ज़ैदी, इसरार अहमद सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक व स्थानीय लोग मौजूद रहे।