बरेली में सोमवार से शुरू होगी ई-बस सेवा : तीन रूट, 60 स्टॉपेज, न्यूनतम किराया 12 रुपये
बरेली में सोमवार से ई-बस सेवा शुरू होगी। तीन रूटों पर 60 स्टॉपेज के साथ हर 15 मिनट में बस उपलब्ध होगी। न्यूनतम किराया 12 रुपये रखा गया है।
➡️ बरेली में सोमवार से ई-बस सेवा शुरू
➡️ तीन रूट, कुल 60 स्टॉपेज, सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक
➡️ हर 15 मिनट में बस उपलब्ध, न्यूनतम किराया 12 रुपये (3 किमी तक)
➡️ पहले चरण में शहरी रूटों पर बसें, देहात रूट बाद में शामिल
➡️ शहरवासियों के लिए सस्ती, सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल यात्रा विकल्प
हसीन दानिश / जन माध्यम
बरेली। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर। सोमवार से बरेली में ई-बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। इसके लिए तीन प्रमुख रूट निर्धारित किए गए हैं, जहां हर 15 मिनट में बस उपलब्ध होगी। न्यूनतम किराया 12 रुपये (तीन किमी तक) रखा गया है। पहले चरण में देहात रूटों से बसें हटाकर शहरी क्षेत्र में लगाई जा रही हैं।
सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के तहत दो साल पहले शुरू की गई 25 ई-बसें पहले शहरी सीमा में घाटे के कारण देहात रूटों (बरेली-मनौना धाम, बरेली-शेरगढ़, बरेली-शीशगढ़) पर शिफ्ट कर दी गई थीं। 30 सितंबर को हुई बैठक में इन्हें वापस शहर में चलाने का फैसला लिया गया। स्थानीय सर्वे के बाद ऐसे रूट चुने गए जहां यात्री भार अधिक हो और घाटा न हो।
तीन रूट और बसें
- रूट 1 (17 किमी, 25 स्टॉपेज, 5 बसें): स्वालेनगर मिनी बाइपास से जंक्शन वाया सौफुटा-पीलीभीत बाइपास। प्रमुख स्टॉप : कर्मचारी नगर, भास्कर हॉस्पिटल, वसंत बिहार चौराहा, इज्जतनगर तिराहा, आईवीआरआई, टूलिप, डेलापीर चौराहा, वीर सावरकर नगर, तुलाशेरपुर, सौफुटा रोड तिराहा, संजयनगर, सुरेश शर्मा नगर, डोहरा रोड, रुहेलखंड विवि, बीसलपुर चौराहा, सतीपुर चौराहा, सेटेलाइट बस अड्डा, खुर्रम गौटिया, बियावानी कोठी, गांधी उद्यान, प्रभा टॉकीज, चौकी चौराहा, कलक्ट्रेट।
- रूट 2 (13 किमी, 18 स्टॉपेज, 3 बसें): स्वालेनगर मिनी बाइपास से जंक्शन वाया डेलापीर-महादेव पुल। प्रमुख स्टॉप : कर्मचारी नगर, भास्कर हॉस्पिटल, वसंत बिहार चौराहा, इज्जतनगर तिराहा, आईवीआरआई, टूलिप, डेलापीर चौराहा, झूलेलाल द्वार, सलेक्शन प्वाइंट, धर्मकांटा, लल्ला मार्केट, कोहाड़ापीर, नावल्टी चौराहा, अय्यूब खां चौराहा, चौकी चौराहा, कलक्ट्रेट।
- रूट 3 (16 किमी, 17 स्टॉपेज, 5 बसें): झुमका तिराहा से सेटेलाइट बस अड्डा वाया चौपुला-गांधी उद्यान। प्रमुख स्टॉप : परसाखेड़ा, मथुरापुर, जीटीआई, सीबीगंज, मिनी बाइपास, सत्य प्रकाश पार्क, दूल्हा मियां की मजार, सिटी रेलवे स्टेशन, चौपुला चौराहा, चौकी चौराहा, प्रभा टॉकीज, गांधी उद्यान, बियावानी कोठी, खुर्रम गौटिया।
कुल 60 स्टॉपेज तय किए गए हैं। बसें सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेंगी। चालकों-परिचालकों की ड्यूटी आवंटित कर दी गई है।
किराया और फ्रीक्वेंसी
- न्यूनतम किराया : 12 रुपये (3 किमी तक)
- फ्रीक्वेंसी : हर 15 मिनट में बस
- दूसरे चरण में मनौना धाम रूट की बसें भी शहर में शिफ्ट होंगी
बरेली सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज की प्रबंध संचालक मनीषा दीक्षित ने कहा, शहरवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समय-सारिणी तैयार की गई है। निर्धारित स्टॉपेज पर हर 15 मिनट में बस मिलेगी। स्टॉपेज और किराया फाइनल कर दिया गया है।
यह सेवा शहर में ट्रैफिक जाम और प्रदूषण कम करने के साथ-साथ सस्ती यात्रा का विकल्प प्रदान करेगी।