आरबीएसके योजना के तहत दिल में छेद की दूसरी सफल सर्जरी, 9 साल के दिव्यांशु को मिला नया जीवन

आरबीएसके के तहत 9 वर्षीय दिव्यांशु की दिल में छेद की सर्जरी सफल; एक माह में दूसरी बड़ी उपलब्धि।

आरबीएसके योजना के तहत दिल में छेद की दूसरी सफल सर्जरी, 9 साल के दिव्यांशु को मिला नया जीवन
HIGHLIGHTS:

➡️ आरबीएसके योजना में 9 वर्षीय दिव्यांशु की दिल में छेद की सफल सर्जरी
➡️ एक माह में जिले की दूसरी होल-इन-हार्ट ऑपरेशन सफलता
➡️ मोबाइल हेल्थ टीम ने स्क्रीनिंग में बीमारी पकड़ी
➡️ जेएन मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ में निःशुल्क ऑपरेशन
➡️ बच्चा अब पूरी तरह स्वस्थ, स्वास्थ्य में लगातार सुधार
➡️ गरीब बच्चों के लिए आरबीएसके बन रहा जीवनरक्षक

हसीन दानिश/ जन माध्यम 
बरेली।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) जरूरतमंद बच्चों के लिए सचमुच वरदान बन रहा है। जिले में एक माह के अंदर दिल में छेद (होल इन हार्ट) की यह दूसरी सफल सर्जरी हुई है। इस बार ब्लॉक मुडिया नवी बक्श के 9 वर्षीय दिव्यांशु पुत्र नरोत्तम को नई जिंदगी मिली है।

दिव्यांशु को जन्म से ही दिल में छेद की गंभीर समस्या थी। आरबीएसके की मोबाइल हेल्थ टीम ने स्क्रीनिंग के दौरान बच्चे की बीमारी चिह्नित की और तुरंत जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह एवं आरबीएसके के नोडल अधिकारी डॉ. पवन कपाही के निर्देश पर बच्चे को आगे की सर्जरी के लिए जे.एन. मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ भेजा गया। वहां बच्चे का पूरी तरह निःशुल्क ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

आरबीएसके जिला मैनेजर डॉ. पारस गुप्ता ने बताया कि दिव्यांशु अब पूरी तरह स्वस्थ है और लगातार स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि नवंबर माह में ही बहेड़ी ब्लॉक के एक अन्य बच्चे का भी दिल में छेद का निःशुल्क ऑपरेशन इसी योजना के तहत कराया गया था। वह बच्चा भी अब पूरी तरह ठीक है।

सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने कहा कि आरबीएसके योजना के जरिए जिले में जन्मजात हृदय रोग सहित कई गंभीर बीमारियों का समय रहते पता लगाकर गरीब परिवारों के बच्चों का मुफ्त इलाज कराया जा रहा है। यह योजना सच में वरदान साबित हो रही है।