ड्यूटी से लौट रहे सिपाही की हालत नाजुक

बरेली में ड्यूटी पूरी कर लौट रहे 50 वर्षीय सिपाही बस में चढ़ते समय गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

ड्यूटी से लौट रहे सिपाही की हालत नाजुक
घायल का फोटो
HIGHLIGHTS:

➡️ ड्यूटी समाप्त कर लौटते समय हादसा
➡️ बस में चढ़ते वक्त फिसलकर नीचे गिरे सिपाही
➡️ सिर और शरीर में गंभीर चोट
➡️ जिला अस्पताल में चल रहा इलाज

जन माध्यम
बरेली।
ड्यूटी समाप्त कर पुलिस लाइन लौट रहे एक सिपाही के साथ हुए हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला हरदोई के निवासी 50 वर्षीय सिपाही बादाम सिंह, जो वर्तमान में बामोरा थाने में तैनात बताए जा रहे हैं, की हालत डॉक्टरों के अनुसार नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, बादाम सिंह शुक्रवार सुबह ड्यूटी पूरी करने के बाद बस के माध्यम से बरेली पुलिस लाइन लौट रहे थे। जैसे ही वह बस में चढ़ने लगे, अचानक पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़े। गिरने से उन्हें सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सिपाही को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

सूत्रों के अनुसार, हादसे के वक्त सिपाही के शराब के नशे में होने की चर्चा भी सामने आ रही है, जिसके चलते संतुलन बिगड़ने की बात कही जा रही है। हालांकि इस संबंध में पुलिस या प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

फिलहाल घटना को लेकर पुलिस महकमे में भी चर्चाओं का दौर जारी है, वहीं सहकर्मी सिपाही के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।