गृहकर-जलकर वृद्धि पर नसीम अहमद ने खोला मोर्चा

पूर्व चेयरमैन पति ने संपूर्ण समाधान दिवस में सौंपा ज्ञापन, करों में कटौती और कथित अनियमितताओं की जांच की मांग।

गृहकर-जलकर वृद्धि पर नसीम अहमद ने खोला मोर्चा
HIGHLIGHTS:

पूर्व चेयरमैन पति नसीम अहमद ने गृहकर और जलकर की बढ़ी दरों का विरोध करते हुए संपूर्ण समाधान दिवस में ज्ञापन सौंपा।

कर निर्धारण में कथित अनियमितताओं और अवैध वसूली के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रशासन ने शिकायत पर नियमानुसार जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

जन माध्यम
बहेड़ी/बरेली।
बहेड़ी नगर पालिका परिषद में गृहकर और जलकर में की गई बढ़ोतरी को लेकर पूर्व चेयरमैन पति एवं बहेड़ी विधानसभा से संभावित प्रत्याशी नसीम अहमद ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में उन्होंने प्रार्थना पत्र देकर गृहकर और जलकर की बढ़ी दरों को कम करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

नसीम अहमद ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद बहेड़ी द्वारा गृहकर और जलकर में प्रदेश के अन्य नगर निकायों की तुलना में कहीं अधिक वृद्धि की गई है, जिससे आम जनता पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की कार्यप्रणाली से लोग परेशान हैं और कर निर्धारण में पारदर्शिता नहीं दिखाई दे रही है।

प्रार्थना पत्र में उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छोटे-छोटे मकानों के पंजीकरण और कर निर्धारण के नाम पर आम लोगों से 25 हजार से 40 हजार रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही है। साथ ही कुछ मामलों में लाखों रुपये का वार्षिक गृहकर निर्धारित किए जाने का भी उल्लेख किया गया है। उन्होंने संबंधित नोटिसों की प्रतियां भी प्रशासन को सौंपी हैं।

नसीम अहमद ने बताया कि इस संबंध में पहले भी जिलाधिकारी को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा गृहकर और जलकर की बढ़ी हुई दरों की समीक्षा कर जनता को राहत दी जाए।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध नहीं, बल्कि बहेड़ी की जनता के हितों की रक्षा करना है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से आगे की रणनीति तय की जाएगी। प्रार्थना पत्र मिलने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।