रेलवे बोर्ड में सांसद नीरज मौर्य ने उठाईं 31 बड़ी मांगें

रेलवे बोर्ड की बैठक में आंवला सांसद नीरज मौर्य ने बरेली मंडल और आंवला लोकसभा क्षेत्र की रेल सुविधाओं को लेकर 31 प्रमुख मांगें उठाईं। ट्रेनों के ठहराव, ओवरब्रिज, नई रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं पर जोर दिया।

रेलवे बोर्ड में सांसद नीरज मौर्य ने उठाईं 31 बड़ी मांगें
HIGHLIGHTS:

• रेलवे बोर्ड की बैठक में सांसद नीरज मौर्य ने क्षेत्र की 31 प्रमुख रेल संबंधी मांगें रखीं।

• कई एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव, नए ओवरब्रिज और यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग की गई।

• सांसद ने कहा कि इन प्रस्तावों के पूरा होने से बरेली मंडल और आंवला क्षेत्र के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

जन माध्यम
नई दिल्ली/बरेली।
रेल यात्रियों की वर्षों पुरानी समस्याओं को रेलवे बोर्ड के समक्ष मजबूती से उठाते हुए आंवला लोकसभा क्षेत्र के सांसद नीरज मौर्य ने क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं से जुड़ी 31 महत्वपूर्ण मांगों का विस्तृत प्रस्ताव सौंपा। उन्होंने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से बरेली मंडल सहित आसपास के लाखों यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी और क्षेत्रीय विकास को नई रफ्तार मिलेगी।

सांसद ने बिशारतगंज, आंवला और रेवती बहोड़ा खेड़ा रेलवे स्टेशनों पर कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की। साथ ही बरेली-भुज (आला हजरत) एक्सप्रेस में एसी प्रथम श्रेणी और एसी द्वितीय श्रेणी के अतिरिक्त कोच लगाए जाने का प्रस्ताव भी रखा, ताकि यात्रियों को प्रतीक्षा सूची और भीड़भाड़ से राहत मिल सके।

उन्होंने भमोरा-आंवला तथा अखा-गैनी रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण, रेवती बहोड़ा रेलवे स्टेशन के पुनः संचालन और आंवला रेलवे स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए स्टेशन परिसरों में टिन शेड, चारदीवारी, शीतल पेयजल, एसी एवं स्लीपर यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रतीक्षालय, कुलियों के बैठने की व्यवस्था और रेलवे की खाली भूमि का जनहित में उपयोग कर दुकानों के निर्माण का सुझाव भी दिया गया।

महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए पैसेंजर ट्रेनों में आरपीएफ स्कॉर्ट की नियमित तैनाती, इज्जतनगर मंडल चिकित्सालय में पर्याप्त चिकित्सकों की नियुक्ति तथा बरेली-कासगंज रेलखंड पर आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।

इसके अलावा शाहजहांपुर से मुंबई के लिए नई रेल सेवा, शाहजहांपुर-फर्रुखाबाद रेल लाइन का संचालन, मथुरा के लिए दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन, मैलानी-लखनऊ रेल सेवा की पुनर्बहाली, रामनगर-बांद्रा और रामनगर-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस के फेरों में वृद्धि तथा बरेली जंक्शन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग भी रेलवे बोर्ड के समक्ष रखी गई।

सांसद नीरज मौर्य ने कहा कि प्रस्तुत मांगें केवल रेल सुविधाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों, व्यापार, रोजगार और आम यात्रियों की सहूलियत से भी सीधे जुड़ी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे बोर्ड इन प्रस्तावों पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान करेगा।