मानसून सत्र में बरेली के मुद्दों के साथ रोजगार, किसान और स्मार्ट सिटी पर सरकार को घेरेंगे सांसद नीरज मौर्य

आंवला सांसद नीरज मौर्य ने कहा कि संसद के मानसून सत्र में रोजगार, किसानों की समस्याएं, स्मार्ट सिटी मिशन, शिक्षा, महंगाई और बरेली-आंवला से जुड़े स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

मानसून सत्र में बरेली के मुद्दों के साथ रोजगार, किसान और स्मार्ट सिटी पर सरकार को घेरेंगे सांसद नीरज मौर्य
HIGHLIGHTS:

सांसद नीरज मौर्य ने कहा कि मानसून सत्र में रोजगार, किसान और शिक्षा समेत कई जनहित के मुद्दे उठाए जाएंगे।

स्मार्ट सिटी मिशन, महंगाई, बेरोजगारी और कथित भ्रष्टाचार जैसे विषयों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

बरेली और आंवला क्षेत्र के खाद संकट, 300 बेड अस्पताल और एम्स की मांग भी संसद में उठाने की बात कही।

जन माध्यम
बरेली।
आंवला लोकसभा क्षेत्र के सांसद नीरज मौर्य ने कहा है कि 20 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र में क्षेत्रीय और राष्ट्रीय जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि संसद के माध्यम से सरकार की जवाबदेही तय करने और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी ढंग से आवाज उठाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि मानसून सत्र के दौरान युवाओं के रोजगार, सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था, किसानों की आय, फसल क्षति का मुआवजा, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी गारंटी, खाद की उपलब्धता, कृषि संकट, डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और किसानों की कर्जमाफी जैसे मुद्दों को संसद में उठाया जाएगा।

सांसद ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के कार्यों की समीक्षा, शिक्षक भर्ती में टीईटी की अनिवार्यता, नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, महंगाई, बेरोजगारी, सरकारी विभागों में कथित भ्रष्टाचार, चुनावी पारदर्शिता तथा राम मंदिर परिसर की सुरक्षा जैसे विषयों पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

नीरज मौर्य ने कहा कि संसद में बरेली और आंवला क्षेत्र से जुड़े स्थानीय मुद्दों को भी प्रमुखता से रखा जाएगा। इनमें खाद संकट, रबर फैक्ट्री के कर्मचारियों की समस्याएं, 300 बेड अस्पताल का सुचारू संचालन तथा बरेली में एम्स की स्थापना की मांग शामिल है।

उन्होंने कहा कि उनका प्रयास केवल मुद्दों को उठाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उन पर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित कराने की दिशा में भी पहल की जाएगी, ताकि क्षेत्र की जनता को वास्तविक लाभ मिल सके।