लिफ्ट में फंसे आधा दर्जन लोग, 15 मिनट तक अटकी रहीं सांसें
मेरठ के मोदीपुरम स्थित सुपरटेक स्पोर्ट्स सिटी की एक बिल्डिंग में बिजली और जनरेटर बंद होने से लिफ्ट बीच में रुक गई। करीब 15 मिनट तक महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग समेत आधा दर्जन लोग उसमें फंसे रहे।
• सुपरटेक स्पोर्ट्स सिटी की लिफ्ट में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग समेत आधा दर्जन लोग फंसे।
• बिजली और जनरेटर बंद होने से करीब 15 मिनट तक बीच में रुकी रही लिफ्ट।
• रेजिडेंट्स ने सुरक्षा सुविधाओं की कमी और प्रबंधन की लापरवाही के आरोप लगाए।
जन माध्यम
मेरठ। मोदीपुरम स्थित सुपरटेक स्पोर्ट्स सिटी में मंगलवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक लिफ्ट बीच रास्ते में बंद हो गई। लिफ्ट में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग समेत करीब आधा दर्जन लोग फंस गए। करीब 15 मिनट तक सभी लोग लिफ्ट के अंदर ही फंसे रहे, जिसके चलते मौके पर दहशत का माहौल बन गया।
घटना पल्लवपुरम थाना क्षेत्र स्थित सुपरटेक स्पोर्ट्स सिटी की एफ-1 बिल्डिंग की है। जानकारी के अनुसार, बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ ही जनरेटर भी बंद हो गया, जिससे संचालित लिफ्ट बीच मंजिल में रुक गई।
बताया गया कि 206 फ्लैट वाली 14 मंजिला इस इमारत में केवल दो लिफ्ट हैं। इनमें से एक कई महीनों से खराब पड़ी है, जबकि दूसरी लिफ्ट पर ही पूरे भवन का भार था। इसी दौरान तकनीकी समस्या आने से उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
काफी प्रयास के बाद सोसाइटी के सुरक्षा कर्मियों और स्थानीय निवासियों ने मिलकर लिफ्ट का दरवाजा खोला और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
सोसाइटी के रेजिडेंट्स ने आरोप लगाया कि लिफ्ट में ऑटोमैटिक रेस्क्यू डिवाइस (ARD), इमरजेंसी लाइट और पर्याप्त वेंटिलेशन जैसी आवश्यक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। उनका कहना है कि नियमित मेंटेनेंस शुल्क देने के बावजूद सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है।
निवासियों ने सोसाइटी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोनों लिफ्टों की शीघ्र मरम्मत कराने और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में सोसाइटी प्रबंधन की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।