खेत गई युवती से छेड़छाड़, आरोपी पर मुकदमा दर्ज
शाही थाना क्षेत्र में खेत गई युवती से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेत गई युवती से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप।
विरोध करने पर कपड़े फाड़ने और धमकी देने की शिकायत।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
जन माध्यम
शाही /बरेली। थाना शाही क्षेत्र के एक गांव में खेत पर गई 19 वर्षीय युवती के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार युवती मंगलवार सुबह करीब सात बजे शौच के लिए खेत पर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव का एक युवक वहां पहुंच गया और उसके साथ अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ करने लगा।
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज और मारपीट की। खींचतान के दौरान उसके कपड़े भी फट गए। शिकायत में आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
बताया गया कि घटना के बाद युवती किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंची, लेकिन आरोपी कथित रूप से उसके पीछे-पीछे घर तक पहुंच गया। बीच-बचाव करने आई युवती की मां के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
पीड़िता ने थाना शाही में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।