मीरगंज बीसी संचालकों से लूट का प्रयास खेत में छिपकर बचाई जान

मीरगंज में बाइक सवार बदमाशों ने SBI बीसी संचालकों से लूट की कोशिश की। बदमाशों ने फायरिंग की, लेकिन दोनों भाई गन्ने के खेत में छिपकर जान बचाने में सफल रहे।

मीरगंज बीसी संचालकों से लूट का प्रयास खेत में छिपकर बचाई जान
HIGHLIGHTS:

➡️ मीरगंज में SBI बीसी संचालकों को बनाया गया निशाना
➡️ अपाचे बाइक पर सवार बदमाशों ने की फायरिंग
➡️ गन्ने के खेत में छिपकर बचाई जान
➡️ लूट में नाकाम रहे बदमाश, मौके से फरार
➡️ 112 नंबर पर दी गई सूचना, पुलिस पहुंची मौके पर
➡️ पीड़ितों ने थाने में दी तहरीर, पुलिस जांच जारी

जन माध्यम।

कर्ण पाल सिंह। मीरगंज (बरेली)।
मीरगंज क्षेत्र में गुरुवार देर शाम स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बीसी संचालकों से लूट का प्रयास किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाइक सवार बदमाशों ने बीसी संचालकों को रोकने की कोशिश की और फायरिंग भी की, हालांकि बीसी संचालक गन्ने के खेत में छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे।

जानकारी के अनुसार परचई गांव निवासी राजकिशोर और उनके सगे भाई राजवीर मीरगंज में एसबीआई के बीसी प्वाइंट का संचालन करते हैं। गुरुवार शाम राजकिशोर अपनी दुकान बंद कर भाई की दुकान पर पहुंचे। दोनों दुकानें बंद करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सैंजना और परचवा के बीच अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाश पीछे से आ गए।

राजकिशोर के अनुसार, पीछे बैठे बदमाश ने बाइक रोकने का इशारा किया। जब उन्होंने बाइक नहीं रोकी तो बदमाश ने फायर कर दिया। गोली चलने से घबराकर राजवीर बाइक से गिर पड़े। बदमाशों की बाइक आगे निकल गई, लेकिन दोनों भाइयों ने बाइक मोड़कर सैंजना की ओर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान पैर में मोच आने के कारण राजवीर बाइक पर दोबारा नहीं बैठ सके।

इस बीच बदमाशों ने अपनी बाइक मोड़कर फिर से उन्हें घेर लिया और दोबारा फायरिंग की। जान बचाने के लिए दोनों भाई बाइक छोड़कर पास के गन्ने के खेत में छिप गए। लूट में असफल रहने पर बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद बीसी संचालकों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और आसपास के ग्रामीणों को भी अवगत कराया। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों भाई वहां से अपने घर चले गए। पीड़ितों ने बताया कि शुक्रवार सुबह उन्होंने थाने में तहरीर दे दी है।

इस संबंध में मीरगंज कोतवाली प्रभारी संजय सिंह तोमर ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है, लेकिन लूट की कोई वारदात घटित नहीं हुई है। पुलिस मौके पर पहुंची थी और मामले की जांच की जा रही है।