मुडिया अहमदनगर में ताला तोड़कर चोरी

बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के मुडिया अहमदनगर में चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर प्रेसर मशीन समेत करीब 20 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। इलाके में दहशत है।

मुडिया अहमदनगर में ताला तोड़कर चोरी
HIGHLIGHTS:

➡️ कमरे का ताला तोड़कर चोरी की वारदात
➡️ प्रेसर मशीन समेत ₹20 हजार का सामान गायब
➡️ सील लगने के बाद खाली पड़ा था प्लॉट

जन माध्यम
बरेली।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मुडिया अहमदनगर में चोरी की एक और वारदात सामने आई है। चोरों ने एक प्लॉट में बने कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखा प्रेसर मशीन सहित करीब 20 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

पीड़ित राज यादव पुत्र स्वर्गीय छोटेलाल ने बताया कि यह प्लॉट उनके रिश्तेदार साक्षी पत्नी नितिन कुमार का है, जिसकी देखरेख के लिए वह वहीं रहते थे। प्लॉट के आगे चारदीवारी न होने के कारण पहले भी नल और मोटर चोरी हो चुकी थी। इसके बाद करीब दो माह पूर्व पांच फुट ऊंची दीवार बनवाई गई, लेकिन बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा उसे अवैध बताते हुए निर्माण रुकवा दिया गया और अस्थायी सील लगा दी गई।

सील लगने के चलते राज यादव प्लॉट पर नहीं रह पाए और अपने मूल निवास पर चले गए। मंगलवार सुबह 4 फरवरी 2026 को जब वह अपना खोखा (बीड़ी-सिगरेट की दुकान) खोलने पहुंचे, तो कमरे का ताला टूटा मिला और अंदर रखा प्रेसर मशीन व अन्य सामान गायब था।

घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित ने इज्जतनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जल्द खुलासे की मांग की है।