रिश्वत लेते डीआईओएस कार्यालय का बाबू गिरफ्तार

मेरठ में डीआईओएस कार्यालय के बाबू राजीव सिंघल को एंटी करप्शन टीम ने पेंशन जारी कराने के नाम पर ₹25 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

रिश्वत लेते डीआईओएस कार्यालय का बाबू गिरफ्तार
HIGHLIGHTS:

डीआईओएस कार्यालय के बाबू को ₹25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया।

पेंशन जारी कराने के बदले ₹1 लाख रिश्वत मांगने का आरोप।

शिकायत के सत्यापन के बाद एंटी करप्शन टीम ने ट्रैप कार्रवाई की।

जन माध्यम
मेरठ।
मेरठ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय में तैनात बाबू राजीव सिंघल को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद सरकारी कार्यालयों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, अटौरा स्थित एक विद्यालय में कार्यरत चपरासी महिपाल की पेंशन जारी कराने के एवज में आरोपी बाबू ने एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बातचीत के बाद पहली किस्त के रूप में 25 हजार रुपये देने पर सहमति बनी।

महिपाल ने पूरे मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। शिकायत का सत्यापन होने के बाद टीम ने कचहरी गेट के पास जाल बिछाया और आरोपी बाबू को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए सिविल लाइन थाने लेकर पहुंची, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद सरकारी दफ्तरों में रिश्वतखोरी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में शिकायत मिलने पर इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।