गंदगी में बना पनीर नष्ट, खाद्य विभाग की सख्त कार्रवाई

मथुरा में खाद्य विभाग ने अभियान चलाकर 200 किलो पनीर नष्ट कराया और 10 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। कई डेयरियों पर कार्रवाई की गई।

गंदगी में बना पनीर नष्ट, खाद्य विभाग की सख्त कार्रवाई
HIGHLIGHTS:

गंदगी में रखा 200 किलो पनीर कराया नष्ट

अभियान में 10 नमूने लैब भेजे गए

कई डेयरियों पर कार्रवाई और नोटिस जारी

बिना पंजीकरण चल रही डेयरी बंद कराई

जन माध्यम
मथुरा।
खाने की थाली तक पहुंचने वाले हर कौर में भरोसा होना चाहिए, लेकिन जब वही भरोसा गंदगी में मिलता है तो कार्रवाई जरूरी हो जाती है।

मथुरा में खाद्य विभाग की टीम ने नौहझील और छाता क्षेत्र में अभियान चलाकर डेयरियों पर सख्त कार्रवाई की। इस दौरान गंदगी में रखा करीब दो सौ किलोग्राम पनीर नष्ट कराया गया और कुल दस नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार ने नौहझील क्षेत्र के गांव भैरई बांगर स्थित एक डेयरी का निरीक्षण किया, जहां पनीर और मिश्रित दूध के नमूने लिए गए। डेयरी में गंदगी पाए जाने पर तत्काल संचालन बंद कराया गया और खाद्य अनुज्ञप्ति निलंबित करने की कार्रवाई शुरू की गई।

लालपुर रोड बाजना स्थित एक अन्य डेयरी से भी पनीर का नमूना लिया गया और कमियां मिलने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया। वहीं गांव बरौठ में बिना पंजीकरण चल रही डेयरी को बंद कराकर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कराई गई।

छाता क्षेत्र के गांव पैगांव स्थित एक डेयरी के निरीक्षण के दौरान मिश्रित दूध, घी, मक्खन, पनीर, खोआ और क्रीम के नमूने लिए गए। यहां गंदगी में रखा पनीर विक्रेता की सहमति से नष्ट कराया गया।

अभियान के दौरान कुल दस नमूने एकत्र कर खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।