प्रसाद न मिलने पर दबंगई

सीबीगंज क्षेत्र में प्रसाद न मिलने पर हिस्ट्रीशीटर ने धार्मिक आयोजन के आयोजक से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।

प्रसाद न मिलने पर दबंगई
HIGHLIGHTS:

➡️ प्रसाद घर न पहुंचने पर दबंगई और मारपीट
➡️ हिस्ट्रीशीटर पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
➡️ तमंचा और लाठी लेकर घर में घुसने का आरोप

हसीन दानिश । जन माध्यम

बरेली। जिले के सीबीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ठिरिया ठाकुरान में एक हिस्ट्रीशीटर द्वारा धार्मिक कार्यक्रम के दौरान प्रसाद अपने घर न पहुंचने पर दबंगई दिखाने और आयोजक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने भविष्य में भी मंदिर में होने वाले किसी भी कार्यक्रम में सबसे पहले प्रसाद अपने घर पहुंचाने की धमकी देते हुए ग्रामीणों को जान से मारने की चेतावनी दी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

पीड़ित रुद्रपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके घर के सामने स्थित शिव मंदिर में एक फरवरी को माघ पूर्णिमा के अवसर पर श्रीरामचरित मानस पाठ का आयोजन किया गया था। पाठ के उपरांत कन्या भोज कराया गया, जबकि किसी प्रकार का सार्वजनिक भंडारा आयोजित नहीं किया गया था। इसी बात से नाराज होकर गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर शिवकुमार सिंह उर्फ गब्बर सिंह तथा उसका साथी इंद्रपाल सिंह तमंचा व लाठी लेकर उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे।

आरोप है कि दोनों ने प्रसाद अपने घर न पहुंचाने को लेकर रुद्रपाल सिंह के साथ मारपीट की और धमकी दी कि आगे से गांव या मंदिर में जब भी कोई भी धार्मिक कार्यक्रम होगा, तो प्रसाद सबसे पहले उनके घर पहुंचाया जाएगा। ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। शोर-शराबा होने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पीड़ित को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया जा सका।

ग्रामीणों के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि वह आए दिन गांव में किसी न किसी कार्यक्रम को लेकर दबंगई करता है, जिससे लोग भयभीत रहते हैं। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है और लोग खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

पीड़ित की तहरीर पर थाना सीबीगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि गांव में शांति और सुरक्षा का माहौल बहाल हो सके।