वोट कटने के आरोप पर ग्रामीणों का प्रदर्शन

बरेली के कन्धरपुर शिवनगर गांव में पंचायत मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने के आरोप पर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

वोट कटने के आरोप पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
HIGHLIGHTS:

कन्धरपुर शिवनगर में सैकड़ों मतदाताओं के नाम कटने का आरोप।
ग्रामीणों ने मतदाता सूची में फर्जी नाम जोड़े जाने की भी शिकायत की।
जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच और पात्र मतदाताओं के नाम बहाल करने की मांग।

जन माध्यम
बरेली। 
विकास खंड मझगवां की ग्राम पंचायत कन्धरपुर शिवनगर में पंचायत निर्वाचक नामावली 2026 को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम अंतिम सूची से हटाए जाने के आरोप पर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत की अंतरिम मतदाता सूची में उनके नाम सहित करीब 400 मतदाता दर्ज थे, लेकिन अंतिम सूची जारी होने पर 250 से अधिक नाम हटा दिए गए। वहीं कई नए नाम जोड़े जाने पर भी ग्रामीणों ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि जिन लोगों के नाम सूची से हटाए गए हैं, उनके पास आधार कार्ड, राशन कार्ड और निवास संबंधी सभी आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं तथा वे वर्षों से ग्राम पंचायत के मतदाता रहे हैं।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि यह कार्रवाई कुछ लोगों को राजनीतिक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है। ग्रामीणों ने बीएलओ और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते मामले का समाधान नहीं हुआ तो आगामी पंचायत चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से किसी सक्षम एवं निष्पक्ष अधिकारी से स्थलीय जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा पात्र मतदाताओं के नाम पुनः मतदाता सूची में शामिल कराने की मांग की है।

ज्ञापन देने वालों में लीलाधर, प्रेमपाल, रामसेवक, धर्मपाल, ऋषिपाल, हरिशंकर, रामपाल, सियाराम, मलखान, वासुदेव, ताहिर, दिनेश कुमार, हरीश बाबू, चंद्रपाल, रूपलाल और धर्मवीर सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।