गाँव में 4 जगह चोरी, अस्पताल से लेकर स्कूल तक सब लूटा, पुलिस सोती रही!
शीशगढ़, बरेली। थाना क्षेत्र के बल्ली गांव में बीती रात कुछ ऐसा हुआ कि लोग सुबह उठे तो उनकी आंखों के आगे अंधेरा छा गया। लेकिन चोरों की रात रोशन हो गई। एक ही रात में चार जगहों पर ताबड़तोड़ चोरी हुई और मजे की बात ये कि पुलिस बेखबर सोती रही। ऐसा लगता है कि चोरों ने चोरी का पूरा रोडमैप तैयार किया था। मानो किसी बड़ी मिशन फिल्म की स्क्रिप्ट लिखी हो। सबसे पहले उन्होंने राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बल्ली में एंट्री मारी, ताले काटे और इनवर्टर, बैटरी, सोलर पैनल समेत कीमती सामान समेट लिया।
फिर शायद उन्हें याद आया कि चोरी के बाद पेट भी भरना होगा तो अगला निशाना बनाया पीएम श्री कंपोजिट स्कूल बल्ली जहां से गैस सिलेंडर उड़ा लिया।इसके बाद चोरों को शायद जोश आ गया तो राजकीय हाई स्कूल बल्ली पर भी धावा बोल दिया। यहां तीन ताले तोड़े गए लेकिन किस्मत खराब थी। शायद कुछ खास हाथ नहीं लगा। अब इतने पर तो वे मानने वाले नहीं थे। इसलिए प्राथमिक विद्यालय नगला बल्ली पहुंचे और वहां से गेहूं, चावल, दाल, आटा और बर्तन तक उठा ले गए। मानो पूरा राशन स्टोर ही खाली कर दिया हो। सुबह जब ग्रामीणों को इन चोरियों का पता चला तो पूरे गांव में हंगामा मच गया। लोग चोरों की हिम्मत से हैरान और गुस्से में थे। सबका मानना है कि यह किसी ऐरे-गैरे चोर का काम नहीं बल्कि एक शातिर गैंग है जो गांव-गांव घूमकर वारदात कर रहा है।
ग्राम प्रधान कमलेश, डॉक्टर संजीव कुमार, प्रधानाध्यापक राजेंद्र पाल समेत कई लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर तुरंत कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस जांच में लगी हुई है और चोरों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।