हाथरस: डॉ. अंबेडकर जयंती पर कल निकलेगी भव्य शोभायात्रा; 100 झांकियां और बैंड बढ़ाएंगे आयोजन की रौनक

हाथरस में 28 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजकों ने शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए डीजे पर अश्लील या जातिगत गीतों पर पाबंदी लगाई है।

हाथरस: डॉ. अंबेडकर जयंती पर कल निकलेगी भव्य शोभायात्रा; 100 झांकियां और बैंड बढ़ाएंगे आयोजन की रौनक
हाथरस में डॉ. अंबेडकर जयंती की शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर प्रेस वार्ता करते आयोजन समिति के सदस्य।
HIGHLIGHTS:

दोपहर 2 बजे संत आश्रम बगीची से शुरू होकर अलीगढ़ रोड स्थित अंबेडकर पार्क तक जाएगी यात्रा।

बाबा साहब के जीवन पर आधारित 100 आकर्षक झांकियां और आधा दर्जन बैंड होंगे शामिल।

आयोजकों की अपील: धार्मिक स्थलों पर न लगाएं झंडे, शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं उत्सव।

पी.सी. शर्मा। जन माध्यम

हाथरस। भारत रत्न और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में आगामी 28 अप्रैल को हाथरस में एक विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को भव्य बनाने के साथ-साथ आपसी भाईचारा बनाए रखने के लिए आयोजकों ने विशेष दिशा-निर्देश और अपील जारी की है।

आयोजन समिति के अनुसार, यह भव्य शोभायात्रा मंगलवार दोपहर 2 बजे संत आश्रम बगीची, सीयल खेड़ा से शुरू होगी। यह नगर के पूर्व निर्धारित मार्गों से होते हुए अलीगढ़ रोड स्थित अंबेडकर पार्क, खंदारी गढ़ी पर जाकर संपन्न होगी। कार्यक्रम का शुभारंभ पूज्यनीय केंद्र भिक्खु संघ के सानिध्य में किया जाएगा।

इस वर्ष शोभायात्रा में बाबा साहब के जीवन संघर्ष और उनकी कार्यशैली को दर्शाती लगभग 100 आकर्षक झांकियां शामिल की गई हैं। इसके साथ ही आधा दर्जन बैंड और डीजे इस यात्रा की भव्यता को बढ़ाएंगे। आयोजन में हजारों की संख्या में अनुयायी, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

प्रेस वार्ता के दौरान अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह उर्फ टीटू और अन्य पदाधिकारियों ने जनता से अपील की है कि शोभायात्रा के मार्ग में पड़ने वाले किसी भी धार्मिक या सामाजिक स्थल पर झंडे न लगाए जाएं और न ही किसी के झंडे हटाए जाएं। साथ ही डीजे संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि अश्लील या किसी भी जाति विशेष को ठेस पहुँचाने वाले गीत न बजाए जाएं।

इस अवसर पर पंकज प्रेमाकर, सुनील कुमार, सरदार सुरजीत सिंह, पवन राज, नेत्रपाल सिंह, शैलेंद्र और डॉ. राहुल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।