हज-2027 के लिए आवेदन शुरू, 20 जुलाई तक भर सकेंगे फॉर्म

हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज-2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक आवेदक 20 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

हज-2027 के लिए आवेदन शुरू, 20 जुलाई तक भर सकेंगे फॉर्म
HIGHLIGHTS:

• हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है।

• आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

• चयनित आवेदकों को 10 अगस्त तक अग्रिम राशि जमा करनी होगी।

जन माध्यम – बरेली

हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज यात्रा-2027 (1448 हिजरी) के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के अधीन संचालित हज कमेटी ने देशभर के पात्र और इच्छुक हज यात्रियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।

जारी अधिसूचना के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 से शुरू होकर 20 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक जारी रहेगी। इच्छुक आवेदक हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट तथा 'हज सुविधा' मोबाइल ऐप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जुलाई के अंतिम सप्ताह में डिजिटल रैंडम चयन प्रक्रिया यानी कुर्रह (लॉटरी) आयोजित की जाएगी। चयनित आवेदकों को 1,52,300 रुपये की अग्रिम राशि जमा करनी होगी। इस राशि को जमा करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। हज कमेटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शारिक सी. (आईएएस) ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में किसी प्रकार का विस्तार नहीं किया जाएगा।

हज आवेदन के लिए मशीन रीडेबल भारतीय पासपोर्ट, जिसकी वैधता 31 दिसंबर 2027 तक हो, अनिवार्य है। इसके अलावा सफेद बैकग्राउंड वाली पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक अथवा कैंसिल चेक और पते का प्रमाण पत्र भी आवश्यक दस्तावेजों में शामिल हैं। सभी दस्तावेज स्कैन कॉपी के रूप में अपलोड करने होंगे।

हज कमेटी ने आवेदकों को पूरी तैयारी और गंभीरता के साथ आवेदन करने की सलाह दी है। समिति के अनुसार चयन के बाद सीट निरस्त कराने की स्थिति में हज-2027 के नियमों के तहत निर्धारित शुल्क और जुर्माना देना पड़ सकता है।

बरेली हज सेवा समिति के संस्थापक एवं समाजसेवी पम्मी खां वारसी ने बताया कि इच्छुक आजमीन-ए-हज ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट, सफेद बैकग्राउंड फोटो, बैंक पासबुक, कैंसिल चेक, ब्लड ग्रुप, पैन कार्ड और आधार कार्ड जैसे दस्तावेज आवेदन के लिए आवश्यक होंगे। उन्होंने बताया कि बरेली हज सेवा समिति पूर्व वर्षों की तरह इस वर्ष भी हज यात्रियों को समय-समय पर आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने बताया कि आवेदन प्रक्रिया के तहत सुभाष नगर स्थित साबरी मस्जिद के इमाम मुफ्ती जैनुलआबदीन का हज फॉर्म भी भरा गया। इस दौरान नजमुल एसआई खान, हाजी सोहेल आफताब, हाजी उवैस खान, हाजी साकिब रजा खां और हाजी डॉ. कासिमुद्दीन सहित कई लोग मौजूद रहे।