डोहरा रोड परिसर के 10 वर्ष पूरे, बाबू बनवारी लाल अग्रवाल सभागार का लोकार्पण

श्री गुलाब राय विद्यालय समूह के डोहरा रोड परिसर के 10 वर्ष पूर्ण होने पर स्वर्गीय बाबू बनवारी लाल अग्रवाल की स्मृति में निर्मित बहुउद्देशीय सभागार का लोकार्पण झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया।

डोहरा रोड परिसर के 10 वर्ष पूरे, बाबू बनवारी लाल अग्रवाल सभागार का लोकार्पण
HIGHLIGHTS:

डोहरा रोड परिसर के 10 वर्ष पूरे होने पर बहुउद्देशीय सभागार का लोकार्पण।

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया उद्घाटन और प्रतिमा का अनावरण।

समारोह में विज्ञान शिक्षक लवी चाँदना की पुस्तक का भी विमोचन हुआ।

जन माध्यम
बरेली।
शिक्षा के क्षेत्र में सात दशक से अधिक समय से योगदान दे रहे श्री गुलाब राय विद्यालय समूह ने डोहरा रोड परिसर की स्थापना के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर स्वर्गीय बाबू बनवारी लाल अग्रवाल की स्मृति में निर्मित अत्याधुनिक ‘बाबू बनवारी लाल अग्रवाल बहुउद्देशीय सभागार’ (मल्टीपर्पज ऑडिटोरियम) का लोकार्पण कराया। सभागार का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। इस दौरान उन्होंने संस्थापक बाबू बनवारी लाल अग्रवाल की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह बहुउद्देशीय सभागार विद्यार्थियों के शैक्षिक, सांस्कृतिक, बौद्धिक एवं खेल प्रतिभा के विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यहां राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के सेमिनार, कार्यशालाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जा सकेगा।

समारोह में मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, विधान परिषद सदस्य डॉ. हरी सिंह ढिल्लों, विधायक दुर्विजय सिंह शाक्य, विधायक संजीव अग्रवाल तथा उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

इस अवसर पर विद्यालय के विज्ञान शिक्षक लवी चाँदना द्वारा लिखित पुस्तक 'अमीरी-गरीबी फ़र्क़ पैसों का या इंसान का' का भी विमोचन किया गया। पुस्तक समाज में आर्थिक स्थिति और मानवीय मूल्यों के संबंध पर आधारित है।

कार्यक्रम में विद्यालय समूह के अध्यक्ष रवि अग्रवाल, संरक्षक उषा रानी अग्रवाल, प्रबंधक राजेश अग्रवाल जौली, निदेशक त्रिजित अग्रवाल, प्रधानाचार्य शील सक्सेना सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।