बरेली: ओवरलोड से खंभे में लगी आग, तार टूटकर गिरने से मची अफरातफरी

बरेली के फतेहगंज पश्चिमी में ओवरलोड के कारण हाईटेंशन लाइन के तार में भीषण स्पार्किंग के बाद आग लग गई। तार टूटकर जमीन पर गिरने से कस्बावासियों में अफरातफरी मच गई।

बरेली: ओवरलोड से खंभे में लगी आग, तार टूटकर गिरने से मची अफरातफरी
HIGHLIGHTS:

सोमवार को अत्यधिक ओवरलोड के चलते खंभे के तारों में भयंकर स्पार्किंग हुई. तेज धुएं और धमाकों के बीच जलता हुआ मुख्य तार टूटकर सड़क पर गिर गया, जिससे मोहल्ले में भगदड़ मच गई।

मोहल्ला नई बस्ती (वार्ड 11), अंसारी (वार्ड 7 और 14) में कई दिनों से लगातार हो रहे फॉल्ट से जनता बेहाल है. उमस भरी गर्मी के साथ-साथ रात में चोरी-चकारी का खतरा बढ़ गया है।

चेयरमैन इमराना बेगम की सीधी सूचना पर एसडीओ अंकित द्विवेदी और जेई रमेश चन्द्र गौतम तत्काल भारी टीम के साथ ग्राउंड जीरो पर पहुंचे और टूटे तारों को दुरुस्त कराया ।

जन माध्यम
बरेली।
भीषण गर्मी के इस मौसम में अत्यधिक बिजली लोड और आए दिन होने वाले तकनीकी फॉल्ट के कारण कस्बा फतेहगंज पश्चिमी के कई वार्डों की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। सोमवार को कस्बे में उस समय बड़ा हादसा होते-होते टला, जब ओवरलोडिंग के चलते मुख्य चौराहे के पास खंभे में अचानक भयंकर आग लग गई। तारों से पटाखे जैसी आवाजें आने और जलता हुआ हाईटेंशन तार टूटकर जमीन पर गिरने से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। इस गंभीर संकट के कारण कस्बे के कई बड़े मोहल्ले अंधकार में डूबे हुए हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों में विभाग के खिलाफ भारी गुस्सा है।

फतेहगंज पश्चिमी नगर पंचायत चेयरमैन पति मोहम्मद शाहिद उर्फ कल्लू भाई ने जमीनी स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती वार्ड नंबर 11, मोहल्ला अंसारी वार्ड नंबर 7 और वार्ड नंबर 14 में पिछले कई दिनों से लगातार ट्रिपिंग और फॉल्ट की समस्या बनी हुई है। बिजली न आने से बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं इस भीषण उमस में बेहाल हैं। स्थानीय निवासियों का यह भी आरोप है कि कई मोहल्लों में पूरी रात मुकम्मल अंधेरा रहने के कारण अब गलियों में चोरी-चकारी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ने का डर सताने लगा है।

सोमवार को खंभे पर हुए शार्ट सर्किट के बाद जब जलता हुआ तार नीचे गिरा, तो गनीमत रही कि उसकी चपेट में कोई राहगीर नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

खंभे पर तार टूटने और आगजनी की इस भयावह घटना के तुरंत बाद नगर पंचायत चेयरमैन इमराना बेगम ने बिजली विभाग के आला अधिकारियों को फोन पर मामले की गंभीरता से अवगत कराया। चेयरमैन की सूचना मिलते ही बिजली उपकेंद्र फतेहगंज पश्चिमी के एसडीओ अंकित द्विवेदी और अवर अभियंता रमेश चन्द्र गौतम तत्काल अपनी मुस्तैद तकनीकी टीम और क्रेन-औजारों के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौका मुआयना करने के बाद लाइन को शटडाउन पर लिया और युद्धस्तर पर काम शुरू कराकर टूटे हुए तारों को दोबारा खंभे से जुड़वाया।

तारों की मरम्मत के दौरान मौके पर विभाग के आदिल मलिक, प्रवीन शर्मा, शब्बीर, काशीराम, परमेंद्र और राकेश माहेश्वरी मौजूद रहे. इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों के रूप में मौलाना अहसन अंसारी, शराफत हुसैन, तसलीम उर्फ टिंकू, जाकिर हुसैन, डॉ. मोईन उद्दीन, यूनिस भाई, प्रदीप गुप्ता (सभी सभासद) तथा चेयरमैन प्रतिनिधि हारून चौधरी, अकील अहमद, मोहम्मद आरिफ, तौफीक पेंटर, शानू, मोहम्मद रिजवान, शकील अहमद, हनीफ मंसूरी, खिलाफत हुसैन और सरफराज मंसूरी सहित भारी संख्या में मोहल्ले वासी उपस्थित रहे.

इस दौरान चेयरमैन पति मोहम्मद शाहिद उर्फ कल्लू भाई ने एसडीओ अंकित द्विवेदी से दोटूक शब्दों में कहा कि बार-बार के इस फॉल्ट से परमानेंट निजात पाने के लिए कस्बे के मुख्य खंभों पर तुरंत 120 केवी क्षमता के नए और मोटे तारों को डलवाया जाए, ताकि भविष्य में ओवरलोडिंग की वजह से जनता को ऐसे खतरों का सामना न करना पड़े।