डेयरी पर छापा, 1200 किलो पनीर नष्ट

मथुरा के कोसीकलां में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक डेयरी पर छापा मारकर 1200 किलो दूषित पनीर और 3000 लीटर मिश्रित दूध नष्ट कराया। खाद्य पदार्थों के छह नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

डेयरी पर छापा, 1200 किलो पनीर नष्ट
HIGHLIGHTS:

खाद्य सुरक्षा विभाग ने डेयरी पर छापा मारकर 1200 किलो दूषित पनीर नष्ट कराया।

3000 लीटर मिश्रित दूध भी मौके पर नष्ट किया गया।

डेयरी सील कर छह नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

जन माध्यम
मथुरा।
मथुरा के कोसीकलां में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक डेयरी पर छापा मारा। जांच के दौरान अधोमानक सामग्री से पनीर तैयार किया जाता मिला, जिसके बाद विभाग ने करीब 1200 किलोग्राम दूषित पनीर और 3000 लीटर मिश्रित दूध को नष्ट करा दिया। साथ ही डेयरी परिसर को सील कर खाद्य लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की गई।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय जतीन कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर क्षेत्र में मिलावटी और खराब खाद्य सामग्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एफएसडीए की टीम पुलिस बल के साथ शाहपुर रोड स्थित गोपाल बाग क्षेत्र में संचालित कल्लू डेयरी पर पहुंची।

जांच के दौरान डेयरी में पनीर निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री पर संदेह होने पर कार्रवाई की गई। टीम ने दूषित पनीर, घी, क्रीम और दूध के नमूने संग्रहित किए। मौके पर लगभग 3.36 लाख रुपये मूल्य का 1200 किलोग्राम दूषित पनीर तथा करीब 2.10 लाख रुपये मूल्य का 3000 लीटर मिश्रित दूध गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया।

कार्रवाई के दौरान डेयरी में रखे पाउडर, रिफाइंड और घी को भी सीज कर दिया गया। इसके अलावा एक अन्य डेयरी से पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया।

सहायक आयुक्त जतीन कुमार सिंह ने बताया कि कुल छह नमूने राजकीय खाद्य प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम नरेश सिंह, जितेंद्र सिंह, अरुण राणा, धर्मेंद्र सिंह और मोहर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मिलावटी खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।