शपथ ग्रहण समारोह में जुटे प्रदेशभर के व्यापारी नेता
अकरम खान और कमल गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुआ उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल का शपथ ग्रहण समारोह,
• उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल का शपथ ग्रहण समारोह एवं व्यापारी सम्मेलन आयोजित।
• प्रदेशभर से व्यापारी नेताओं ने कार्यक्रम में की सहभागिता।
• संगठन की मजबूती और व्यापारियों के हितों पर विस्तृत चर्चा।
जन माध्यम
बरेली। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश (पंजी.) जनपद बरेली द्वारा आयोजित शपथ ग्रहण समारोह एवं व्यापारी सम्मेलन गुरुवार को होटल अजन्ता एवं रॉयल पटियाला किचन, चौपला रोड, कुतुबखाना में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश एवं जनपद के बड़ी संख्या में व्यापारी नेताओं और व्यापारियों ने भाग लिया।
समारोह को सफल बनाने में जिलाध्यक्ष अकरम खान और जिला महामंत्री कमल गुप्ता की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। दोनों पदाधिकारियों के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन में व्यापारी एकता, संगठन की मजबूती तथा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश कुमार अग्रवाल रहे। वहीं प्रदेश युवा इकाई के प्रदेश उपाध्यक्ष शोभित भारद्वाज एवं इसरार सिद्दीकी, प्रांतीय कानूनी सलाहकार निशंक अग्रवाल, प्रांतीय संगठन मंत्री सुधीर मित्तल तथा प्रांतीय प्रभारी (यूट्यूब चैनल) राजेश शर्मा ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति निष्ठा एवं व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य करने की शपथ ली। वक्ताओं ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी पदाधिकारी एकजुट होकर कार्य करेंगे।
समारोह के अंत में जिलाध्यक्ष अकरम खान और जिला महामंत्री कमल गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन हमेशा व्यापारियों के हितों की आवाज बुलंद करता रहेगा। उन्होंने व्यापारियों से एकजुट रहकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
"व्यापारी एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है।"