विद्युत कर्मियों को दिया सुरक्षा प्रशिक्षण

शाही विद्युत उपकेंद्र पर लाइनमैनों और श्रमिकों को सुरक्षा मानकों, उपकरणों के उपयोग और सुरक्षित कार्यप्रणाली का विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

विद्युत कर्मियों को दिया सुरक्षा प्रशिक्षण
HIGHLIGHTS:

33x11 विद्युत उपकेंद्र शाही में कर्मचारियों को सुरक्षा प्रशिक्षण दिया गया।
लाइन पर कार्य के दौरान सेफ्टी उपकरणों के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
हादसों को रोकने और सुरक्षित कार्य संस्कृति विकसित करने के निर्देश दिए गए।

 दीनानाथ कश्यप/जन माध्यम
बरेली
।कस्बा स्थित 33x11 विद्युत उपकेंद्र शाही पर शुक्रवार को कुशल एवं अकुशल श्रमिकों के लिए विशेष सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्युत कार्यों के दौरान होने वाले हादसों को रोकना तथा कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक बनाना था।

उपखंड अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह के निर्देश पर आयोजित प्रशिक्षण में अवर अभियंता साबिर खान ने कर्मचारियों को बिजली लाइनों पर कार्य करते समय बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी कार्य को शुरू करने से पहले शटडाउन लेना, लाइन की जांच करना और निर्धारित सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करना अनिवार्य है।

प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट, इंसुलेटेड दस्ताने और अर्थिंग रॉड के सही उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही लापरवाही के कारण होने वाले संभावित हादसों के उदाहरण देकर उन्हें सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

मौके पर कुशल श्रमिक पप्पू के साथ अकुशल कर्मचारी अजीम अहमद, राजेंद्र पाल, मनोज, वीरेंद्र और राजीव को पोल पर चढ़ने की सुरक्षित तकनीक, उपकरणों के प्रयोग और विद्युत लाइनों पर कार्य करने के नियमों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दो कर्मचारियों की उपस्थिति के बिना किसी भी पोल पर कार्य न किया जाए और विभागीय दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए।

एसडीओ सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विद्युत दुर्घटनाओं को शून्य करने के लक्ष्य के तहत ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। इससे कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को भी बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।