सेंध लगाकर नकदी और जेवरात चोरी
मीरगंज के गोरा लोकनाथपुर गांव में चोरों ने मकान में सेंध लगाकर 2.25 लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
चोरों ने मकान की पिछली दीवार में सेंध लगाकर वारदात को अंजाम दिया।
करीब 2.25 लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी हुए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
कर्ण पाल सिंह/जन माध्यम
मीरगंज।थाना क्षेत्र के गांव गोरा लोकनाथपुर में बुधवार देर रात चोरों ने एक मकान में सेंध लगाकर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के समय घर में महिला अकेली मौजूद थी। सुबह चोरी की जानकारी होने पर परिवार और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी अबरार और उनके भाई इसरार दिल्ली में रहकर काम करते हैं। बुधवार रात अज्ञात चोर मकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर घर के अंदर घुस गए। इसके बाद चोरों ने घर में रखी करीब 2.25 लाख रुपये की नकदी और कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामान में सोने का हार, मंगलसूत्र, कुंडल, लौंग, बच्चों के आभूषण, बिछुआ सहित अन्य सोने-चांदी के जेवरात शामिल हैं। चोर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
गुरुवार सुबह अबरार की पत्नी कमरे में पहुंचीं तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। दीवार में सेंध और सामान गायब देखकर उन्होंने परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में घटना की खबर पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित परिवार ने चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।