बरेली में एसडीएम बोलीं, ठेकेदार ने सड़क में किया घटिया निर्माण, दोबारा निर्माण की चेतावानी, कार्यदायी संस्था को नोटिस
बरेली। देहात की नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी के वार्ड 14 गौसिया मस्जिद वाली गली में नगर पंचायत निधि से एक सड़क का निर्माण कराया गया था। मगर, यह कुछ ही दिन में उखड़ने लगी।जिसके चलते वार्ड के असद अंसारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत की थी। जिसके चलते मंगलवार को एसडीएम (उपजिलाधिकारी), मीरगंज जांच को पहुंची। उन्होंने सड़क के घटिया निर्माण पर नाराजगी जताई।इसके साथ घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की हिदायत दी। एसडीएम के निर्देश पर तुरंत निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। जांच में दोषी मिलने पर कड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।
मोहल्ले के लोगों ने उठाए थे सवाल
इस सड़क निर्माण में घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग की शिकायतें भी सामने आई थी। मगर, स्थानीय निवासियों की शिकायतों को उस वक्त नजरअंदाज कर दिया गया था। निर्माण की गुणवत्ता पर शुरू से ही सवाल उठ रहे हैं। इसके बाद सीएम से शिकायत की। सीएम ऑफिस से आदेश आने के बाद एसडीएम ने निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी और निम्न गुणवत्ता की सामग्री के उपयोग की पुष्टि की। जिसके चलते एसडीएम ने ठेकेदार को चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया गया और गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं की गई, तो ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही कार्यदायी संस्था को भी नोटिस जारी किया गया है। इसमें उन्हें निर्माण कार्य की गुणवत्ता में सुधार करने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे।
जानें क्या बोलीं चेयरमैन
इस सड़क के साथ ही नगर की पुलिस चौकी के बराबर में बनी गली की शिकायत सभासद तसलीम और महेंद्र पाल शर्मा ने की थी इसकी जांच भी एसडीएम तृप्ति गुप्ता ने की।एसडीएम ने नगर पंचायत के जेई को भी सुधार की चेतवानी दी। एसडीएम ने नगर पंचायत की बनवाई गई सीसी और इंटरलाकिग सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान मौजूद क्षेत्रवासियों से बात कर नगर पंचायत के कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। नगर पंचायत अध्यक्ष इमराना बेगम ने इस प्रकरण में मीडिया को बताया कि सीसी रोड़ मामले में ठेकेदार को नोटिस दे दिया गया। इस सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाएगी। बाकी जिस गली की शिकायत की गई है। उसको वहां के दुकानदारों के अनुरोध पर बनवाया गया था। इसमें साथ ही बाकी सारे आरोप निराधार बताए।