तिरंगे के सम्मान की पहल पर बरेली कॉलेज छात्रा सम्मानित

बरेली कॉलेज की छात्रा दिव्यांशी चौधरी ने गांधी उद्यान में क्षतिग्रस्त तिरंगे की ओर ध्यान दिलाया। उनकी पहल पर 21 यूपी वाहिनी एनसीसी ने सम्मानित किया।

तिरंगे के सम्मान की पहल पर बरेली कॉलेज छात्रा सम्मानित
HIGHLIGHTS:

गांधी उद्यान में क्षतिग्रस्त तिरंगा देखकर छात्रा ने पहल की।

दिव्यांशी ने एनसीसी कमान अधिकारी को समस्या की जानकारी दी।

नगर निगम से ध्वज को जल्द ठीक कराने का आश्वासन मिला।

जन माध्यम
बरेली।
राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को लेकर सजगता दिखाने पर बरेली कॉलेज की छात्रा दिव्यांशी चौधरी को 21 उत्तर प्रदेश वाहिनी एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल होशियार सिंह ने सम्मानित किया।

बीएससी की छात्रा दिव्यांशी 31 अगस्त को घर से कॉलेज जाते समय गांधी उद्यान पहुंची तो उसने वहां लगे तिरंगे का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त देखा। कॉलेज से लौटते समय भी स्थिति में बदलाव नहीं हुआ। इसे लेकर छात्रा ने अगले दिन 1 सितंबर को 21वीं वाहिनी एनसीसी कार्यालय पहुंचकर कमान अधिकारी को जानकारी दी और ध्वज को ठीक कराने का आग्रह किया।

कर्नल होशियार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम के अधिकारियों से संपर्क किया। अधिकारियों की ओर से राष्ट्रीय ध्वज को जल्द ठीक कराने का आश्वासन दिया गया।

राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति दिव्यांशी की पहल और सजगता को देखते हुए कमान अधिकारी ने उन्हें पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया। छात्रा ने सहयोग और प्रोत्साहन के लिए कर्नल होशियार सिंह का आभार जताया।