देवरनियां पुलिस को मिली बडी कामयाबी: पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार

देवरनियां पुलिस को मिली बडी कामयाबी: पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार
HIGHLIGHTS:

1. एक बदमाश के लगी गोली और एक सिपाही भी घायल
2. बदमाशों के पास से नकदी समेत पांच लाख का चोरी का सामान बरामद

देवरनियां, बरेली। कोतवाली देवरनियां पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, पुलिस ने दो अन्य बदमाशों को भी घेराबंदी कर पकड़ लिया है। तीनों शातिर चोर बताए जा रहे हैं। इनके कब्जे से चोरी का सामान, तमंचा, चाकू और नकदी समेत पांच लाख का समान बरामद हुआ है। नव नियुक्त थाना प्रभारी के एक सप्ताह के कार्यकाल में यह दूसरी बड़ी सफलता मिली है। पकड़े गए बदमाशों में एक तिहाड़ जेल भी जा चुका है। 

नव नियुक्त थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी द्वारा बताया गया उनकी अगुवाई में‌ पुलिस टीम 17/18 जून की रात्रि को चेकिंग कर रही थी, कि चौकी रिछा क्षेत्र में शारदा नहर पुलिया गांव बसंतनगर को जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध बाइक सवार तीन संदिग्ध लोग दिखे तो उन्हें रुकने का इशारा किया, मगर उन्होंने रुकने के बजाए  पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी,और भागने लगे, तो जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई,  जिसमें एक बदमाश देवरनियां के गांव नवादा निवासी दानिश पुत्र जमील अहमद के पैर में गोली लग गई, मुठभेड़ में एक कांस्टेबल रोहित भी घायल हो गए हैं। पुलिस ने घायल बदमाश और कांस्टेबल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस पूछताछ में‌ पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम दानिश पुत्र जमील अहमद, नाजिम पुत्र इनायत हुसैन, परवेज पुत्र अब्दुल वहीद निवासीगण गांव नवादा, थाना देवरनियां बताया।पकड़े गए बदमाशों के पास से भारी मात्रा में चोरी का समान, जिसमें एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिन्दा कारतूस, एक खोखा, दो नाजायज़ चाकू, सोने-चांदी के आभूषण और 40 हजार नकदी समेत करीब पांच लाख का समान बरामद किया है। बदमाशों ने थाना देवरनियां और शेरगढ़ क्षेत्र में पूर्व में हुई चोरी, नकबजनी और चोरी की घटनाओं को करना कबूल किया है। थाना प्रभारी के अनुसार पकड़े गए बदमाशों में दानिश एक मामले में तिहाड़ जेल भी जा चुका है, अभी उसका ब्यौरा नहीं मिला है, ब्योरा जुटाया जा रहा है।