लूट के विरोध पर मकान मालिक की गोली मारकर हत्या
बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र के प्रगति नगर में आधी रात लूट की नीयत से आए बदमाशों ने विरोध करने पर जोगेंद्र लोधी की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
➡️ आधी रात लूट की नीयत से घर में घुसे बदमाश
➡️ विरोध करने पर सीने में मारी गोली, मौके पर मौत
➡️ पत्नी के सामने उजड़ा सुहाग
जन माध्यम
बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र स्थित प्रगति नगर मोहल्ले में शुक्रवार देर रात असलहों से लैस बदमाशों ने लूट की नीयत से धावा बोल दिया। विरोध करने पर 40 वर्षीय जोगेंद्र लोधी को सीने में गोली मार दी गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार जोगेंद्र लोधी मूल रूप से आंवला क्षेत्र के ग्राम तिगरा खानपुर के निवासी थे और पत्नी अनीता के साथ प्रगति नगर में रह रहे थे। शुक्रवार रात करीब एक बजे दोनों घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान मकान की छत पर किसी के चलने जैसी आहट हुई। आशंका होने पर दंपति जीने के रास्ते छत की ओर बढ़े। जैसे ही जोगेंद्र सीढ़ियों के पास पहुंचे, पहले से छिपे दो बदमाशों में से एक ने उन पर गोली चला दी। गोली सीधे उनके सीने में लगी और वह वहीं गिर पड़े।
पत्नी अनीता के सामने ही उनका सुहाग उजड़ गया। उन्होंने चीख-चीखकर मदद की गुहार लगाई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही सुभाषनगर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस प्राथमिक जांच में घटना को लूट की नीयत से अंजाम दी गई वारदात मान रही है। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि अनीता की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
प्रगति नगर जैसे रिहायशी इलाके में घर में घुसकर की गई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बदमाश इस तरह छत के रास्ते घर में प्रवेश कर सकते हैं, तो कोई भी सुरक्षित नहीं है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा शीघ्र ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।