पति ने छोड़ा, जेठों पर धमकी का आरोप
भोजीपुरा क्षेत्र की महिला ने पति और जेठों पर मारपीट, धमकी और घर से निकालने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
भोजीपुरा की महिला ने पति और जेठों पर मारपीट व धमकी देने का आरोप लगाया।
महिला ने अपने और बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस से गुहार लगाई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जन माध्यम
बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर जागीर गांव निवासी एक महिला ने अपने पति और जेठों पर मारपीट, धमकी देने और घर से निकालने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर में महिला ने अपने और बच्चों की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है।
एफआईआर के मुताबिक राधा पत्नी सुखलाल ने बताया कि वह पति के साथ दिल्ली में काम करने गई थी। आरोप है कि 17 नवंबर 2025 को पति उसे छोड़कर गांव लौट आया। महिला का आरोप है कि पति पर स्कूल संचालक का करीब 20 हजार रुपये उधार था। इससे पहले भी पति द्वारा मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया गया है। बाद में समझौते के बाद दोनों साथ रहने लगे।
महिला का आरोप है कि इसके बाद उसके जेठ रामविलास और चन्दन सिंह कथित तौर पर पति का पक्ष लेने लगे और उसे धमकाया जाने लगा। शिकायत में दोनों पर मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है।
महिला ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कहा कि उसके छोटे बच्चे हैं और वह भय के माहौल में रह रही है। उसने आशंका जताई कि उसके साथ कोई अनहोनी हो सकती है और कहा कि ऐसी स्थिति में नामजद लोग जिम्मेदार होंगे।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। विवेचना उपनिरीक्षक संदेश सिंह को सौंपी गई है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।