बरेली में सांप के डसने की दो घटनाएं, ग्रामीण और किशोर जिला अस्पताल में भर्ती

बरेली के भमोरा और फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में सांप के डसने की दो अलग-अलग घटनाओं में एक किशोर और एक ग्रामीण की हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बरेली में सांप के डसने की दो घटनाएं, ग्रामीण और किशोर जिला अस्पताल में भर्ती
बरेली में सांप के डसने की दो घटनाएं, ग्रामीण और किशोर जिला अस्पताल में भर्ती
HIGHLIGHTS:

भमोरा और फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में सांप के डसने की दो अलग-अलग घटनाएं।

किशोर और ग्रामीण दोनों की हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती।

चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का उपचार जारी।

जन माध्यम

बरेली। जिले में बुधवार को सांप के डसने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। भमोरा क्षेत्र में खेत पर धान की फसल में पानी देखने गए एक किशोर और फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में जानवरों के लिए चारा काट रहे एक ग्रामीण को सांप ने डस लिया। दोनों की हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है।

पहली घटना थाना भमोरा क्षेत्र के गांव बगरापुर की है। परिजनों के अनुसार 15 वर्षीय रवि पुत्र राजेश्वर, जो मूल रूप से बदायूं जनपद के थाना वजीरगंज क्षेत्र के गांव बीरमपुर का निवासी है और वर्तमान में अपने नाना रघुवीर के घर बगरापुर में रह रहा है, बुधवार सुबह धान की फसल में पानी की स्थिति देखने खेत पर गया था। इसी दौरान उसके पैर में सांप ने डस लिया। वह किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भमोरा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

दूसरी घटना थाना फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के मोहल्ला उत्तम नगर की है। यहां 45 वर्षीय प्रेमपाल पुत्र श्यामलाल बुधवार सुबह खेत में जानवरों के लिए चारा काट रहे थे। इसी दौरान अचानक एक सांप ने उनके हाथ में डस लिया। सांप के डसते ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है।

जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार दोनों मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।