दो सिलेंडर खोलकर आत्मदाह की धमकी, पुलिस ने बचाई जान
बरेली के स्वाले नगर में पत्नी से विवाद के बाद युवक ने घर में रखे दो गैस सिलेंडर खोलकर आत्मदाह की धमकी दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर उसे सुरक्षित बचाया।
पत्नी से विवाद के बाद शराब के नशे में घर में बंद हुआ 28 वर्षीय युवक।
दोनों गैस सिलेंडरों के रेगुलेटर खोलकर आत्मदाह करने की दी धमकी।
पुलिस और दमकल टीम ने दरवाजा तोड़कर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
जन माध्यम
बरेली। किला थाना क्षेत्र के स्वाले नगर नवदिया में शुक्रवार रात अफरा-तफरी मच गई, जब पत्नी से विवाद के बाद शराब के नशे में घर पहुंचे एक युवक ने घर में रखे दोनों गैस सिलेंडरों के रेगुलेटर खोल दिए और आत्मदाह की धमकी देने लगा। उसने खुद को घर के भीतर बंद कर लिया। गैस फैलने की आशंका से लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची। हालात की गंभीरता देखते हुए पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
स्वाले नगर निवासी 28 वर्षीय शहादत हुसैन पुत्र स्वर्गीय मुन्ने हुसैन घर पर महिलाओं के कपड़े सिलने का काम करता है। करीब छह महीने पहले उसका निकाह इज्जतनगर निवासी अजरा से हुआ था। परिजनों के मुताबिक, शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। परिवार के लोग दोनों को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन हालात सामान्य नहीं हो सके।
शहादत के चचेरे भाई आरिफ ने बताया कि करीब 20 दिन पहले भी उसने गैस सिलेंडर में आग लगाने की धमकी दी थी। उस समय परिवार के लोग घबरा गए थे। आरिफ के मुताबिक, सात दिन पहले इज्जतनगर थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था, जिसके बाद अजरा वापस घर आ गई थी। परिजनों को उम्मीद थी कि समझाइश के बाद रिश्तों में तल्खी कम होगी, लेकिन शुक्रवार को फिर विवाद हो गया।
परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार सुबह शहादत ने पत्नी के साथ मारपीट की। जानकारी मिलने पर रिश्तेदार उसे समझाने पहुंचे, लेकिन आरोप है कि उसने उनके साथ भी मारपीट की और वहां से चला गया। रात करीब 10 बजे वह शराब के नशे में घर लौटा। इसके बाद उसने दोनों गैस सिलेंडरों के रेगुलेटर खोल दिए और आत्मदाह की धमकी देने लगा। दरवाजा भीतर से बंद कर लेने पर परिवार के लोग सहम गए। आसपास के लोगों को भी गैस रिसाव और अनहोनी की आशंका सताने लगी।
सूचना मिलने पर किला थाना पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची। घर के भीतर गैस फैलने की आशंका को देखते हुए स्थिति संभालना जरूरी था। टीम ने एहतियात बरतते हुए सिलेंडरों को हटाकर खतरे को कम किया। युवक दरवाजा खोलने को तैयार नहीं हुआ तो पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। टीम ने उसे काबू में लेकर सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते हुई कार्रवाई से संभावित हादसा टल गया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
घटना के दौरान गली में लोगों की भीड़ जुट गई। क्षेत्रवासियों ने बताया कि स्वाले नगर की गलियां संकरी हैं। ऐसे में दमकल की बड़ी गाड़ियों को भीतर तक पहुंचने में परेशानी होती है। लोगों ने कहा कि आपात स्थिति में हर पल कीमती होता है और रास्ता बाधित होने से राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हो सकता है। उन्होंने संकरी गलियों में दमकल और आपात सेवाओं की पहुंच आसान बनाने की जरूरत उठाई।
इस घटना ने परिवार और मोहल्ले के लोगों को दहशत में रखा। घरेलू विवाद के बीच उठाया गया ऐसा कदम आसपास रहने वाले लोगों की जान को जोखिम में डाल सकता था। पुलिस की तत्परता से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है।