पत्रकारों पर टिप्पणी पड़ी भारी, PRO की छुट्टी

बरेली के सनराइज हॉस्पिटल ने पत्रकारों पर कथित अभद्र टिप्पणी से जुड़े वायरल ऑडियो का संज्ञान लेते हुए PRO सोहेल खान की सेवाएं समाप्त कर दीं।

पत्रकारों पर टिप्पणी पड़ी भारी, PRO की छुट्टी
HIGHLIGHTS:

वायरल ऑडियो का संज्ञान लेते हुए सनराइज हॉस्पिटल ने PRO सोहेल खान को नौकरी से हटाया।

अस्पताल प्रबंधन ने पत्रकारों से माफी मांगते हुए टिप्पणी से खुद को अलग बताया।

प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि सोहेल खान मैनेजर नहीं, बल्कि जनसंपर्क अधिकारी के पद पर थे।

बरेली। पत्रकारों के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने वाले सनराइज हॉस्पिटल के कर्मचारी सोहेल खान के खिलाफ अस्पताल प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए उन्हें नौकरी से हटा दिया है। मामले से जुड़ा ऑडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सोहेल खान को अस्पताल से बाहर का रास्ता दिखाने की बात कही है।अस्पताल प्रबंधन की ओर से जारी सफाई में डॉक्टर ने बताया कि उन्हें सोमवार शाम मामले की जानकारी मिली थी। किसी व्यक्ति द्वारा ऑडियो/वीडियो फॉरवर्ड किए जाने के बाद उन्होंने उसे देखा और पत्रकारों के लिए इस्तेमाल की गई भाषा पर नाराजगी जताई। डॉक्टर के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई और सोहेल खान की सेवाएं समाप्त कर दी गईं।अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, यह पहली बार नहीं था जब सोहेल खान के व्यवहार को लेकर आपत्ति सामने आई हो। डॉक्टर ने बताया कि इससे पहले भी इसी तरह के मामले में उन्हें नौकरी से हटाया गया था, लेकिन उनके भविष्य में व्यवहार सुधारने के आश्वासन के बाद एक मौका दिया गया था। अब दोबारा विवाद सामने आने के बाद प्रबंधन ने स्पष्ट कर दिया है कि अस्पताल से उनका कोई संबंध नहीं रहेगा और अस्पताल परिसर में उनकी एंट्री भी बंद कर दी गई है।अस्पताल प्रबंधन ने एक अन्य महत्वपूर्ण सफाई देते हुए कहा कि सोहेल खान अस्पताल के मैनेजर नहीं थे। वह बतौर जनसंपर्क अधिकारी (PRO) कार्यरत थे। डॉक्टर ने मीडिया से अपील की कि उन्हें सनराइज हॉस्पिटल के प्रबंधक के रूप में प्रस्तुत न किया जाए। उन्होंने कहा कि मैनेजर एक महत्वपूर्ण और जिम्मेदारी वाला पद है, जबकि सोहेल खान की भूमिका जनसंपर्क अधिकारी की थी।वायरल ऑडियो में पत्रकारों के लिए कथित अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर अस्पताल प्रबंधन ने खेद जताते हुए पत्रकारों से माफी मांगी। डॉक्टर ने कहा कि पत्रकार समाज और आम लोगों की आवाज उठाने के लिए मेहनत करते हैं। उनके खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।उन्होंने स्पष्ट किया कि सोहेल खान की टिप्पणी से अस्पताल प्रबंधन का कोई लेना-देना नहीं है और अस्पताल हमेशा पत्रकारों का सम्मान करता है। प्रबंधन ने भरोसा दिलाया कि पत्रकारों को मिलने वाला सम्मान हमेशा कायम रहेगा।