गायन प्रतियोगिता में प्रतिभाओं ने बिखेरा सुरों का जादू
बरेली में संगम कला समूह और माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल के सहयोग से गायन प्रतियोगिता आयोजित हुई। चार आयु वर्गों में प्रतिभागियों ने प्रस्तुतियां दीं और विजेताओं को सम्मानित किया गया।
संगम कला समूह के बरेली चैप्टर ने आयोजित की गायन प्रतियोगिता।
चार आयु वर्गों में प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र, सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र दिए गए।
जन माध्यम
बरेली। संगम कला समूह, बरेली चैप्टर की ओर से माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल के सहयोग से स्कूल परिसर में गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों एवं संगीत प्रेमियों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। मुख्य आयोजक डॉ. सौरभ कुमार अग्रवाल, अध्यक्ष, संगम कला समूह, बरेली चैप्टर एवं प्रबंधक, माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल ने अतिथियों, निर्णायकों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रतिभाशाली कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में मेडिसिटी अस्पताल के निदेशक डॉ. विमल भारद्वाज, अभिभावक संघ के अध्यक्ष अंकुर सक्सेना, थ्री डॉट्स स्कूल के चेयरमैन सौरभ मेहरोत्रा, साई मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे। निर्णायक मंडल में संगम कला समूह के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राहुल यदुवंशी और सचिव डॉ. अवनीश यादव शामिल रहे। मशहूर मिमिक्री आर्टिस्ट एवं संगीत प्रेमी प्रशांत पांडे ने अपने बैंड के साथ प्रस्तुति दी।
किड्स ग्रुप में अक्षिता सिंह प्रथम, आयुश्री सक्सेना द्वितीय और अर्णव त्रिवेदी तृतीय रहे। टीनएजर्स ग्रुप में कृपा दीक्षित प्रथम, दिव्यांशी गोसाई द्वितीय और अस्मिता सिंह तृतीय रहीं। यंगस्टर्स ग्रुप में स्नेहा विरमानी प्रथम, प्रियंका द्वितीय और सिद्धांत शोरतिया तृतीय रहे। एडल्ट्स ग्रुप में अमित कुमार प्रथम, रीटा सक्सेना द्वितीय और ज्योति सक्सेना तृतीय रहीं।
प्रत्येक वर्ग में सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र, जबकि विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। संगम कला के राष्ट्रीय जनसंपर्क प्रमुख रुद्राक्ष सेठ कुलश्रेष्ठ ने आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ आयोजन का समापन हुआ।