बरात से पहले दूल्हे की मौत से घर में छाया मातम
बरेली के शाही क्षेत्र में शादी से कुछ घंटे पहले दूल्हे का शव आम के पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शादी से पहले दूल्हे की संदिग्ध मौत
आम के पेड़ से लटका मिला शव
परिजनों ने हत्या की जताई आशंका
पुलिस ने जांच शुरू कर शव भेजा पोस्टमार्टम
दीनानाथ कश्यप। जन माध्यम
शाही, बरेली। जिन घरों में शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहीं अचानक सन्नाटा छा गया और खुशियों की जगह मातम ने ले ली। शाही थाना क्षेत्र के सुभाषनगर में शनिवार को शादी से कुछ घंटे पहले ही दूल्हे देवेंद्र मौर्य उम्र 22 वर्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जहां शाम को बरात निकलनी थी, उसी घर से दूल्हे की अर्थी उठी और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात तक घर में शादी का जश्न था। लग्न कार्यक्रम धूमधाम से हुआ और देर रात तक डीजे पर लोग झूमते रहे। रात करीब दो बजे के बाद देवेंद्र अपने परिजनों के साथ सोने चला गया।
शनिवार सुबह पड़ोसियों ने सूचना दी कि साप्ताहिक बाजार में आम के पेड़ से एक युवक का शव लटका हुआ है। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान देवेंद्र के रूप में हुई। उसकी कलाई में शादी का कंगन बंधा था और हाथों में मेहंदी लगी हुई थी, जिसे देखकर परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।
परिजनों ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि जिस स्थिति में शव मिला, उसमें आत्महत्या संभव नहीं लगती। पिता रामदास मौर्य का आरोप है कि उनके बेटे की किसी से दुश्मनी नहीं थी और उसे साजिश के तहत मारकर लटकाया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना पूरे इलाके को झकझोर देने वाली है। जहां एक परिवार नई शुरुआत की तैयारी में था, वहीं अब हर आंख नम है और सभी को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जो इस दर्दनाक घटना की सच्चाई सामने लाएगी।