शिक्षक संघ चुनाव में विवाद के बीच निर्विरोध चुने गए अध्यक्ष और मंत्री

बरेली के रिछा ब्लॉक में शिक्षक संघ चुनाव के दौरान विवाद के बीच राज प्रकाश गंगवार अध्यक्ष और मनोज गंगवार मंत्री निर्विरोध चुने गए। बीईओ की भूमिका पर भी सवाल उठे।

शिक्षक संघ चुनाव में विवाद के बीच निर्विरोध चुने गए अध्यक्ष और मंत्री
HIGHLIGHTS:

रिछा ब्लॉक में शिक्षक संघ चुनाव संपन्न

राज प्रकाश गंगवार बने निर्विरोध अध्यक्ष

बीईओ के दखल को लेकर उठा विवाद

निष्कासित पदाधिकारियों पर चुनाव रोकने का आरोप

जन माध्यम
रिछा।बरेली।
जहां एक ओर शिक्षकों का संगठन अपने प्रतिनिधि चुन रहा था, वहीं दूसरी ओर विवाद की परछाईं ने पूरे चुनाव को चर्चा का विषय बना दिया।

शनिवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला इकाई द्वारा ब्लॉक रिछा दमखोदा इकाई का चुनाव ब्लॉक संसाधन केंद्र पर आयोजित किया गया। चुनाव जिला अध्यक्ष जितेंद्र गंगवार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ, जिसमें राज प्रकाश गंगवार को निर्विरोध अध्यक्ष और मनोज गंगवार को मंत्री चुना गया।

चुनाव में जिले के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। नवनियुक्त टीम में वेदप्रकाश को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उमाकांत को कोषाध्यक्ष, मनोज गंगवार को संयुक्त मंत्री, राकेश कुमार को उपाध्यक्ष और राजेंद्र गंगवार को संगठन मंत्री चुना गया। चुनाव अधिकारी जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र गंगवार ने सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।

जिला अध्यक्ष जितेंद्र गंगवार ने कहा कि संगठन शिक्षक हितों के लिए लगातार संघर्ष करता रहा है और किसी भी प्रकार के शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नव निर्वाचित पदाधिकारियों से शिक्षकों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने का आह्वान किया।

इधर चुनाव को लेकर विवाद भी सामने आया। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि निष्कासित संगठन के कुछ पदाधिकारियों ने चुनाव प्रक्रिया को रोकने का प्रयास किया और ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी का भी उन्हें सहयोग मिला। उनका कहना है कि बीईओ को इस चुनाव में हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं है और इस संबंध में शासन स्तर पर शिकायत की जाएगी।

वहीं खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश कुमार ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि चुनाव के लिए आवश्यक अनुमति नहीं थी और उन्होंने केवल यही बात कही थी।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद शिक्षक संघ का यह चुनाव क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।