रामपुर रोड पर पेट्रोल टैंकर पलटा, मचा हड़कंप
बरेली के मथुरापुर में पेट्रोल से भरा टैंकर खाई में पलट गया। रिसाव के बाद आग के खतरे को देखते हुए पुलिस ने रामपुर रोड पर दोनों ओर यातायात रोक दिया।
मथुरापुर में पेट्रोल से भरा टैंकर सड़क किनारे खाई में पलटा।
रिसाव के बाद पुलिस ने रामपुर रोड पर यातायात रोक दिया।
फायर ब्रिगेड की निगरानी में क्रेन से टैंकर निकालने की तैयारी हुई।
जन माध्यम
बरेली। रामपुर रोड पर बुधवार दोपहर पेट्रोल से भरा टैंकर मथुरापुर में रेनॉल्ट कार कंपनी के सामने सड़क किनारे खाई में पलट गया। टैंकर के पलटते ही पेट्रोल का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आग लगने का खतरा पैदा हो गया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने रामपुर रोड पर दोनों तरफ से यातायात रोक दिया।
हादसा सीबीगंज थाना क्षेत्र में हुआ। बताया गया कि टैंकर का पहिया सड़क किनारे कच्चे हिस्से में उतर गया। भारी वाहन का संतुलन बिगड़ने के बाद टैंकर खाई में पलट गया। पेट्रोल रिसता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही सीबीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को घटनास्थल के आसपास जाने से रोक दिया। आग की आशंका को देखते हुए सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी बंद करा दी गई।
पुलिस की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल कर्मियों को तैनात किया गया। टैंकर को खाई से निकालने के लिए क्रेन बुलाई गई है।
पुलिस के मुताबिक टैंकर में बड़ी मात्रा में पेट्रोल था। रिसाव के चलते उसे सीधा कर बाहर निकालने का काम सावधानी से किया जा रहा है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की मौजूदगी में रेस्क्यू कार्य चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार खतरा पूरी तरह खत्म होने के बाद ही मार्ग पर यातायात सामान्य कराया जाएगा।