छात्राओं ने मंचन से दिया बुराइयों के खिलाफ जागरूकता का संदेश
बरेली के वारीनगला पूर्व माध्यमिक विद्यालय में मिशन शक्ति के तहत छात्र-छात्राओं ने मां कालरात्रि और रक्तबीज वध का मंचन किया। कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण और सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया गया।
वारीनगला विद्यालय में मिशन शक्ति के तहत मां कालरात्रि द्वारा रक्तबीज वध का मंचन किया गया।
साइबर बुलिंग, डीपफेक, फेक न्यूज और मोबाइल की लत जैसी चुनौतियों पर जागरूकता का संदेश दिया गया।
छात्राओं को शिक्षा, आत्मरक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के प्रति सजग रहने का संकल्प दिलाया गया।
जन माध्यम
बरेली। विकासखंड क्यारा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय वारीनगला में मिशन शक्ति के अंतर्गत सप्तमी पर छात्र-छात्राओं ने मां कालरात्रि द्वारा राक्षस रक्तबीज के वध का मनोहारी मंचन किया। इसके साथ ही मधु-कैटभ और शुंभ-निशुंभ के वध का भी मंचन कर समाज में व्याप्त बुराइयों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से साइबर बुलिंग, ऑनलाइन ट्रोलिंग, धोखाधड़ी, डीपफेक, अश्लीलता, मोबाइल और स्क्रीन की लत, मानसिक तनाव, अवसाद, शारीरिक निष्क्रियता, पारिवारिक अलगाव, फेक न्यूज, अराजकता और कट्टरता जैसी सामाजिक चुनौतियों को समाप्त करने के लिए जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर बिना जांचे-परखे बढ़ते भरोसे के प्रति भी लोगों को सतर्क रहने की सीख दी गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल सोच-समझकर करने और भ्रामक सामग्री से सावधान रहने का संदेश दिया गया।
मीना मंच प्रभारी शिक्षिका प्रीति शर्मा और अनुदेशक आशा राणा ने छात्र-छात्राओं को शिक्षा का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि छात्राएं शिक्षित होकर आत्मनिर्भर और सशक्त बनें, ताकि सुरक्षित समाज और समृद्ध देश के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
शिक्षकों ने छात्राओं को आत्मरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और समानता के प्रति सजग रहने की सीख दी। साथ ही देश और समाजहित को सर्वोपरि रखकर आगे बढ़ने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान शिव कुमार पटेल, धर्मेंद्र पटेल, रामकिशोर पटेल, रजी हसन, नवनीत कुमार यादव, ऊषा देवी, मोहिनी और कुंता सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।
अंत में प्रधानाध्यापक डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।