बरेली में युवती ने धर्म परिवर्तन के बाद प्रेमी से वैदिक रीति से विवाह किया
जौनपुर की युवती शाहजहां बानो ने बरेली के अगस्त्य मुनि आश्रम में हिंदू धर्म स्वीकार करने के बाद प्रतापगढ़ निवासी पवन यादव से वैदिक रीति-रिवाज से विवाह किया। दोनों ने विवाह अपनी इच्छा से होने का दावा किया।
जौनपुर की युवती ने धर्म परिवर्तन के बाद बरेली में की वैदिक रीति से शादी।
युगल का दावा, दोनों ने अपनी इच्छा से किया विवाह।
विवाह के बाद युवती ने अपना नाम प्रतीक्षा यादव रखा।
जन माध्यम
बरेली। जौनपुर निवासी 19 वर्षीय शाहजहां बानो ने प्रतापगढ़ निवासी पवन यादव के साथ बरेली के मढ़ीनाथ स्थित अगस्त्य मुनि आश्रम में वैदिक रीति-रिवाज से विवाह किया। विवाह से पूर्व युवती ने हिंदू धर्म स्वीकार कर अपना नाम प्रतीक्षा यादव रखा। दोनों का कहना है कि उन्होंने अपनी स्वतंत्र इच्छा से विवाह किया है और उन पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है।
आश्रम में आचार्य के.के. शंखधार की उपस्थिति में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों ने सात फेरे लिए और एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
नवविवाहित युगल के अनुसार उनकी पहचान करीब पांच वर्ष पहले कॉलेज में पढ़ाई के दौरान हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और बाद में उन्होंने विवाह का निर्णय लिया। युवती ने बताया कि वह बालिग है, बीए तक की पढ़ाई कर चुकी है तथा अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन और विवाह किया है।
युगल ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से बरेली स्थित अगस्त्य मुनि आश्रम की जानकारी मिली थी। आवश्यक दस्तावेजों के साथ आश्रम पहुंचने के बाद विधिक एवं धार्मिक प्रक्रियाएं पूरी कर विवाह संपन्न कराया गया।
विवाह के बाद शाहजहां बानो ने अपना नया नाम प्रतीक्षा यादव रखा। दोनों ने बताया कि अब वे लखनऊ में साथ रहेंगे, जहां पवन यादव टूर एंड ट्रैवल्स का व्यवसाय करते हैं।
युगल ने यह भी बताया कि वर्ष 2024 में भी वे विवाह के उद्देश्य से बरेली आए थे, लेकिन पारिवारिक कारणों से उस समय विवाह नहीं हो सका था। अब सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद दोनों ने वैवाहिक जीवन की शुरुआत की है।