प्रेमिका को दिल्ली से लाने के बाद युवक ने उठाया खतरनाक कदम

बरेली के हाफिजगंज क्षेत्र के कुंवरपुर बंजरिया गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़े मामले में 32 वर्षीय युवक की हालत गंभीर हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रेमिका को दिल्ली से लाने के बाद युवक ने उठाया खतरनाक कदम
HIGHLIGHTS:

हाफिजगंज क्षेत्र के कुंवरपुर बंजरिया गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला सामने आया।

दिल्ली से लौटने के बाद 32 वर्षीय युवक की हालत बिगड़ी, जिला अस्पताल में भर्ती।

स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी गई, घटना की जांच की जा रही है।

जन माध्यम
बरेली।
हाफिजगंज थाना क्षेत्र के कुंवरपुर बंजरिया गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया है। यहां 32 वर्षीय युवक की हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने उसे उपचार के लिए बरेली के जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी नन्हे लाल के 32 वर्षीय पुत्र विवेक सक्सेना का शादी से पहले से ही एक महिला से प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। महिला एक बच्चे की मां है। विवेक की शादी करीब आठ महीने पहले हुई थी और उसकी कोई संतान नहीं है।

बताया गया कि करीब दो महीने पहले विवेक उक्त महिला के साथ घर से चला गया था। इसके बाद परिजन दोनों की तलाश कर रहे थे। तलाश के दौरान परिजनों को उनके दिल्ली में होने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन दिल्ली पहुंचे और दोनों को वापस गांव ले आए।

गांव लौटने के बाद महिला अपने घर चली गई। इसी बीच रविवार सुबह विवेक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए बरेली जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है।