चांदी की पालकी पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे बाबा महाकाल
बरेली में 10 अगस्त को बाबा महाकाल की भव्य पालकी यात्रा निकलेगी। श्यामगंज स्थित सेठ गिरधारी लाल मंदिर से शाम चार बजे चांदी की पालकी पर बाबा महाकाल नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे।
10 अगस्त को श्यामगंज स्थित सेठ गिरधारी लाल मंदिर से निकलेगी बाबा महाकाल की पालकी यात्रा।
चांदी की पालकी पर सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे बाबा महाकाल।
यात्रा में कालभैरवनाथ और मां अन्नपूर्णा भी रथ पर भक्तों को देंगे दर्शन।
जन माध्यम
बरेली। बाबा महाकाल पालकी सेवा ट्रस्ट (रजि.) नाथ नगरी बरेली धाम की ओर से प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी बाबा महाकाल की भव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा की तैयारियों को लेकर रविवार को रामानुज दयाल सरस्वती शिशु मंदिर, रामपुर गार्डन में प्रेसवार्ता आयोजित की गई।
ट्रस्ट के अध्यक्ष ब्रजवासी लाल अग्रवाल और महामंत्री अनुराग अग्रवाल ने बताया कि 10 अगस्त, सोमवार को सावन कृष्ण पक्ष त्रयोदशी के अवसर पर शाम चार बजे श्यामगंज स्थित सेठ गिरधारी लाल मंदिर से बाबा महाकाल चांदी की पालकी पर आरूढ़ होकर नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे। इस दौरान बाबा महाकाल बारह ज्योतिर्लिंगों के स्वरूप, पूर्ण वैभव और आयुधों के साथ भक्तों को दर्शन देंगे।
यात्रा में काशी के कोतवाल भगवान कालभैरवनाथ और मां अन्नपूर्णा भी रथ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन देंगे। आयोजकों के अनुसार यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं और श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
प्रमोद रघुवंशी ने बताया कि पालकी यात्रा निर्धारित मार्ग से होकर गुजरेगी। यात्रा श्यामगंज से शुरू होकर साहू गोपीनाथ, मठ की चौकी, शिवाजी मार्ग, बांस मंडी, सिकलापुर रोडवेज चौकी चौराहा, संजय कम्युनिटी हॉल और कालीबाड़ी होते हुए श्यामगंज मंदिर पहुंचेगी, जहां यात्रा का विश्राम होगा।
यात्रा के दौरान पटेल चौक से बरेली कॉलेज गेट तक विभिन्न आकर्षक झांकियों का आयोजन भी किया जाएगा। प्रेसवार्ता में मुकुल अग्रवाल, पंकज दत्त, प्रसून सिंह, अमित भारद्वाज और अमित मिश्रा मौजूद रहे।