पूर्व पार्षद पर एआई से फर्जी फोटो बनाने का आरोप

एसएसपी से शिकायत नाबालिग भाई की फोटो में हथियार जोड़कर बदनाम करने और फर्जी मुकदमे में फंसाने की साजिश का आरोप

पूर्व पार्षद पर एआई से फर्जी फोटो बनाने का आरोप
HIGHLIGHTS:

वार्ड-62 की निवासी इल्मा ने पूर्व पार्षद और उनके भाई पर एआई से फर्जी फोटो तैयार कराने का आरोप लगाया।

शिकायत में नाबालिग भाई की फोटो में हथियार जोड़कर बदनाम करने और मुकदमे में फंसाने की धमकी का दावा।

एसएसपी से साइबर क्राइम सेल से जांच कराने और परिवार की सुरक्षा की मांग की गई।

जन माध्यम
बरेली।
वार्ड-62, पुराना शहर निवासी इल्मा ने पूर्व पार्षद फिरदौस उर्फ अंजुम और उनके भाई आफताब मियां पर राजनीतिक रंजिश के चलते एआई व साइबर तकनीक के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर साइबर क्राइम सेल से मामले की जांच कराने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
इल्मा के मुताबिक, उनके पिता वार्ड-62 से निर्वाचित पार्षद हैं। उनकी अनुपस्थिति में वह वार्ड के नागरिकों की समस्याओं और विकास कार्यों में प्रशासनिक सहयोग करती हैं। आरोप है कि इसी से नाराज होकर पूर्व पार्षद और उनके भाई परिवार को मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विपक्षियों ने एआई डीपफेक और डिजिटल एडिटिंग तकनीक का इस्तेमाल कर इल्मा के नाबालिग भाई अफनान खान की सोशल मीडिया से ली गई फोटो में कथित तौर पर हथियार जोड़ दिया। आरोप है कि फर्जी फोटो के जरिए उन्हें डराया जा रहा है कि वार्ड में काम करना या कानूनी पैरवी बंद नहीं करने पर भाई को गंभीर मुकदमों में फंसा दिया जाएगा।
इल्मा ने यह भी आरोप लगाया कि उनके खिलाफ आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री तैयार कर सामाजिक छवि खराब करने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि भाई की मूल इंस्टाग्राम फोटो और अन्य साक्ष्य उनके पास सुरक्षित हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच, सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।