साइबर फ्रॉड में जनसेवा केंद्र संचालक के दोनों खाते ब्लॉक
बीमार मां के इलाज की बात कहकर ग्राहक ने कराया ट्रांजेक्शन, खाते ब्लॉक होने से संचालक परेशान
ग्राहक के कहने पर कराया गया ट्रांजेक्शन साइबर फ्रॉड से जुड़ा होने का दावा।
जनसेवा केंद्र संचालक के बैंक ऑफ बड़ौदा और एसबीआई के खाते ब्लॉक होने की शिकायत।
साइबर क्राइम अधिकारी से जांच कर दोनों खाते दोबारा चालू कराने की मांग।
जन माध्यम
बरेली। किला थाना क्षेत्र के कुंवरपुर निवासी जनसेवा केंद्र संचालक राहुल यादव ने साइबर क्राइम अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बैंक खाते ब्लॉक होने की शिकायत की है। उन्होंने मामले की जांच कर दोनों खातों को सुचारू कराने की मांग की है।
राहुल ने बताया कि वह जनसेवा केंद्र चलाता है और अपने परिवार में अकेला कमाने वाला है। उसके मुताबिक, 17 अगस्त 2026 को एक ग्राहक उसके पास आया। उसने बताया कि उसकी मां गंभीर रूप से बीमार है और इलाज के लिए तत्काल पैसों की जरूरत है। ग्राहक की बात पर भरोसा कर राहुल ने उसकी मदद की।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राहक ने राहुल के बैंक ऑफ बड़ौदा, बेहारीपुर शाखा स्थित खाते में एक ट्रांजेक्शन कराया। ट्रांजेक्शन आईडी 500227268328 थी और खाते में रकम भेजने वाले का नाम आसिफ खान दिखाई दे रहा था। मोबाइल नंबर भी खाते में दर्ज हुआ था। राहुल का कहना है कि उस समय उसे इस लेनदेन के साइबर फ्रॉड से जुड़े होने की जानकारी नहीं थी।
आरोप है कि ट्रांजेक्शन के बाद उसका बैंक ऑफ बड़ौदा और स्टेट बैंक, दोनों खाते ब्लॉक कर दिए गए। इससे परिवार का खर्च चलाने में परेशानी हो रही है। राहुल ने साइबर क्राइम अधिकारी से पूरे मामले की जांच कर खातों को दोबारा चालू कराने की गुहार लगाई है।