बरेली कॉलेज में फीस वृद्धि के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान, छात्रों ने आंदोलन की चेतावनी दी

बरेली कॉलेज में फीस वृद्धि के विरोध में समाजवादी छात्र सभा ने हस्ताक्षर अभियान चलाया। छात्रों ने बढ़ी फीस वापस लेने और अतिरिक्त जमा राशि लौटाने की मांग करते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

बरेली कॉलेज में फीस वृद्धि के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान, छात्रों ने आंदोलन की चेतावनी दी
HIGHLIGHTS:

फीस वृद्धि के विरोध में समाजवादी छात्र सभा ने कॉलेज परिसर में हस्ताक्षर अभियान चलाया।

छात्रों ने बढ़ी फीस वापस लेने और अतिरिक्त जमा राशि लौटाने की मांग की।

मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन, कॉलेज बंद कराने और अनशन की चेतावनी दी गई।

जन माध्यम
बरेली।
बरेली कॉलेज में फीस वृद्धि को लेकर छात्रों का विरोध तेज होता जा रहा है। समाजवादी छात्र सभा ने सोमवार को प्राचार्य कार्यालय के सामने हस्ताक्षर अभियान चलाकर बढ़ी हुई फीस वापस लेने की मांग उठाई। छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि अलग-अलग मदों के नाम पर फीस में करीब 1200 से 2000 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।

अभियान के दौरान प्राचार्य कार्यालय के सामने बोर्ड लगाकर छात्रों के हस्ताक्षर कराए गए। छात्र नेताओं का कहना है कि फीस में नगर निगम टैक्स, वोकेशनल और अन्य मदों को शामिल किया गया है, लेकिन इन मदों का स्पष्ट विवरण विद्यार्थियों के सामने नहीं रखा गया है।

सपा नेता डॉ. अनीस बेग ने कहा कि बरेली कॉलेज में गरीब, किसान और मजदूर परिवारों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में पढ़ते हैं। उन्होंने फीस वृद्धि पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि विद्यार्थियों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को व्यापक किया जाएगा।

एमए इकोनॉमिक्स के छात्र जावेद गद्दी ने दावा किया कि अलग-अलग मदों में 1200 से 1500 रुपये तक की वृद्धि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि फीस बढ़ाने की निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। वहीं छात्र रवि पंडित ने कहा कि फीस वृद्धि का मुद्दा लगातार उठाए जाने के बावजूद कॉलेज प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव कुर्मी हरेंद्र सिंह कन्नौजिया ने दावा किया कि कुछ विद्यार्थियों की फीस करीब 1200 रुपये से बढ़ाकर 3800 रुपये तक कर दी गई है। समाजवादी महिला सभा की जिलाध्यक्ष स्मिता यादव ने भी फीस वृद्धि का विरोध करते हुए इसे विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया।

छात्रों ने मांग की है कि बढ़ी हुई फीस वापस लेने के साथ जिन विद्यार्थियों ने अतिरिक्त शुल्क जमा किया है, उनकी अतिरिक्त राशि लौटाई जाए। छात्रों के अनुसार कॉलेज प्रशासन से इस मुद्दे पर पहले भी वार्ता हो चुकी है और आगे भी बातचीत प्रस्तावित है।

छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो क्रमिक आंदोलन के बाद भूख हड़ताल और अनशन जैसे कदम उठाए जाएंगे। साथ ही कॉलेज बंद कराने की चेतावनी भी दी गई है।

इस दौरान डॉ. अनीश बेग, स्मिता यादव, परवेश यादव, नरेंद्र यादव दीपू, रवि पंडित, लखपत यादव, अनिकेत यादव, एलिजा खान, सिमरन, शिल्पी यादव, प्रियंका मिश्रा, आकांक्षा मिश्रा, हिरदेश यादव, मुकेश यादव, दीपा शर्मा, अंजली अग्निहोत्री, पंकज यादव और गजेंद्र यादव समेत कई छात्र व छात्र नेता मौजूद रहे।