सीएम डैशबोर्ड में बरेली अव्वल

फरवरी 2026 की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में बरेली ने विकास और राजस्व के संयुक्त मूल्यांकन में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।

सीएम डैशबोर्ड में बरेली अव्वल
HIGHLIGHTS:

सीएम डैशबोर्ड में बरेली को पहला स्थान।

विकास कार्यक्रमों में प्रदेश में अव्वल।

राजस्व कार्यों में भी तीसरा स्थान।

जन माध्यम

बरेली। प्रशासनिक सख्ती, लगातार निगरानी और योजनाओं के तेज क्रियान्वयन का नतीजा अब खुलकर सामने आने लगा है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी फरवरी की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में बरेली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर लिया है। विकास कार्यक्रमों और राजस्व कार्यों की संयुक्त रैंकिंग में प्रदेश में अव्वल आकर बरेली ने प्रशासनिक कामकाज का नया मानक स्थापित किया है। दरअसल प्रदेश सरकार द्वारा विकास योजनाओं और राजस्व से जुड़े कार्यों की प्रगति पर नजर रखने के लिए सीएम डैशबोर्ड पोर्टल के माध्यम से हर महीने जिलों की रैंकिंग जारी की जाती है। इसी मूल्यांकन के तहत फरवरी 2026 की रैंकिंग में बरेली ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के सभी जिलों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। जारी आंकड़ों के अनुसार विकास कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में बरेली ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं राजस्व कार्यों में जिले ने तीसरा स्थान हासिल किया। विकास और राजस्व दोनों क्षेत्रों की संयुक्त रैंकिंग में बरेली ने शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाकर प्रशासनिक दक्षता का मजबूत संदेश दिया है। इस उपलब्धि को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पिछले महीने यानी जनवरी 2026 की रैंकिंग में बरेली चौथे स्थान पर था। महज एक महीने के भीतर जिले ने तीन पायदान की छलांग लगाते हुए सीधे नंबर 1 की कुर्सी हासिल कर ली। राजस्व कार्यों में भी जिले ने उल्लेखनीय सुधार किया है। जनवरी माह में जहां बरेली को नौवां स्थान मिला था, वहीं फरवरी में छह पायदान की छलांग लगाते हुए जिले ने तीसरा स्थान हासिल कर लिया। अधिकारियों का मानना है कि यह सुधार प्रशासन की सक्रियता, विभागीय समन्वय और योजनाओं की लगातार निगरानी का परिणाम है। इस सफलता के पीछे डीएम अविनाश सिंह की सख्त कार्यशैली और नियमित समीक्षा बैठकों को प्रमुख कारण माना जा रहा है। डीएम लगातार विकास योजनाओं और राजस्व से जुड़े मामलों की समीक्षा करते रहे और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और उनकी प्रगति की जानकारी नियमित रूप से पोर्टल पर अपडेट की जाए। डीएम की इस सख्ती का असर यह हुआ कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपने काम में तेजी लाई। परिणामस्वरूप विकास कार्यों की गति बढ़ी और राजस्व से जुड़े मामलों में भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया। इस उपलब्धि पर डीएम अविनाश सिंह ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता पूरी प्रशासनिक टीम की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति दोनों बनाए रखें, ताकि बरेली की रैंकिंग आगे भी शीर्ष पर बनी रहे। प्रशासनिक हलकों में भी बरेली की इस उपलब्धि की चर्चा तेज है। माना जा रहा है कि यदि इसी तरह योजनाओं की मॉनिटरिंग और क्रियान्वयन की गति बनी रही तो आने वाले समय में बरेली विकास के कई और नए कीर्तिमान स्थापित कर सकता है। फिलहाल सीएम डैशबोर्ड में नंबर 1 बनकर बरेली ने यह साबित कर दिया है कि मजबूत नेतृत्व, सख्त मॉनिटरिंग और टीमवर्क के दम पर प्रशासनिक व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।