बरेली क्लब कर्मचारी का शव मिलने से सनसनी

बरेली जंक्शन के पास संदिग्ध परिस्थितियों में बरेली क्लब के कर्मचारी राजेंद्र सिंह रावत का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बरेली क्लब कर्मचारी का शव मिलने से सनसनी
राजेंद्र सिंह रावत का फाइल फोटो।
HIGHLIGHTS:

• बरेली जंक्शन के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव।

• मृतक की पहचान बरेली क्लब कर्मचारी राजेंद्र सिंह रावत के रूप में हुई।

• पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।

जन माध्यम
बरेली
जंक्शन के निकट एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बरेली क्लब में कार्यरत राजेंद्र सिंह रावत के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि उनके परिचितों और सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों के अनुसार राजेंद्र सिंह रावत मंगलवार सुबह किसी आवश्यक कार्य से घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई।

बताया गया कि उस समय उनकी पत्नी कैंसर के उपचार के सिलसिले में अपने छोटे बेटे के साथ वाराणसी गई हुई थीं, जबकि बड़ा बेटा अपने बच्चों को लेने के लिए पहाड़ स्थित ससुराल गया हुआ था। ऐसे में राजेंद्र सिंह रावत घर पर अकेले रह रहे थे।

बुधवार को उनकी पत्नी के बरेली लौटने पर बरेली क्लब के कर्मचारियों ने सूचना दी कि स्टेशन रोड स्थित एक होटल के समीप एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान राजेंद्र सिंह रावत के रूप में की।

राजेंद्र सिंह रावत लंबे समय से बरेली क्लब में कार्यरत थे। सहकर्मियों के अनुसार वह सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। उनकी अचानक मृत्यु की खबर से क्लब कर्मचारियों और परिचितों में गहरा दुख है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। वहीं, परिवार के लिए यह घटना गहरे सदमे और अपूरणीय क्षति का कारण बन गई है।