बरेली-बहेड़ी मार्ग पर सड़क हादसे में सीनियर मार्केटिंग इंस्पेक्टर गंभीर घायल
बरेली से बहेड़ी मंडी कार्यालय आ रहे खाद एवं रसद विभाग के सीनियर मार्केटिंग इंस्पेक्टर सुबोध यादव सड़क हादसे में गंभीर घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बरेली रेफर किया गया।
बरेली से बहेड़ी आते समय जाम बाजार के पास हुआ भीषण सड़क हादसा।
मोटरसाइकिल से टक्कर के बाद कार ट्रक से भिड़ी, अधिकारी गंभीर घायल।
प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया।
जन माध्यम
बहेड़ी। बरेली से बहेड़ी मंडी स्थित कार्यालय आ रहे खाद एवं रसद विभाग में एएमओ (AMO) के पद पर तैनात सीनियर मार्केटिंग इंस्पेक्टर सुबोध यादव शनिवार को सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। जाम बाजार के सामने हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले उनकी कार की एक मोटरसाइकिल से टक्कर हुई। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक सीट पर बैठे सुबोध यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही शहर अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई। ताज राइस मिल के मोहम्मद खालिद, राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष नईम अहमद, अलीम अहमद, हाजी अब्दुल खालिक तथा हैदरी के तंजीर अहमद सहित कई लोग अस्पताल पहुंचे और घायल अधिकारी का हालचाल जाना।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर कर दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।
हादसे की जानकारी मिलते ही खाद एवं रसद विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में चिंता का माहौल बन गया। विभागीय अधिकारियों और सहयोगियों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उधर, दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए जाम बाजार क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने यातायात सामान्य कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।