मथुरा में गश्त कर रही पुलिस जीप को ट्रक ने मारी टक्कर, तीन जवान घायल
मथुरा के फरह थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान पुलिस की सरकारी जीप को पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें एक को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया।
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस जीप को पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर।
हादसे में तीन पुलिसकर्मी घायल, एक की हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर।
पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की।
जन माध्यम
मथुरा। थाना फरह क्षेत्र में शनिवार देर रात रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम सड़क हादसे का शिकार हो गई। रैपुरा जाट चौकी पुलिस की सरकारी जीप भीमनगर पुलिया के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक ट्रक ने जीप को टक्कर मार दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस जीप और ट्रक दोनों सड़क किनारे खाई में जा गिरे।
हादसे में सरकारी जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सकों के अनुसार घायल पुलिसकर्मियों में से एक की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगरा रेफर किया गया है। जबकि दो अन्य पुलिसकर्मियों का स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है। दुर्घटना में ट्रक चालक भी घायल हुआ है।
पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीछे से आए ट्रक की टक्कर के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।