आवारा कुत्तों के आतंक से शहर परेशान, कार्रवाई की मांग
बरेली में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से लोग परेशान, ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस ने नगर निगम से कार्रवाई की मांग की
आवारा कुत्तों के हमलों से लोग भयभीत
रात में झुंड बनाकर राहगीरों पर हमला
बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा खतरा
नगर निगम से अभियान चलाने की मांग
जन माध्यम
बरेली। शहर की सड़कों पर बढ़ता आवारा कुत्तों का आतंक अब लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। हर दिन बढ़ते हमलों ने आमजन की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शहर के विभिन्न इलाकों में आवारा कुत्तों के झुंड रात के समय राहगीरों पर हमला कर रहे हैं। इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग कुत्तों के काटने का शिकार हो चुके हैं, जिससे रेबीज का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।
ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस के प्रदेश संगठन मंत्री मुख्तार अहमद ने इस गंभीर समस्या को लेकर नगर आयुक्त से शिकायत की है और तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई है।
उन्होंने बताया कि स्कूल जाने वाले बच्चों, सुबह नमाज के लिए निकलने वाले लोगों और रात में ड्यूटी से लौटने वाले कर्मचारियों को खास तौर पर खतरा बना हुआ है। रात के समय कुत्तों के झुंड सड़कों पर सक्रिय रहते हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है।
मुख्तार अहमद ने नगर निगम से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही उनकी नसबंदी और एंटी रेबीज टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि इस समस्या पर नियंत्रण पाया जा सके।
उन्होंने प्रभावित इलाकों में रात्रि गश्त बढ़ाने की भी अपील की है, जिससे आम नागरिकों को राहत मिल सके और किसी भी अप्रिय घटना से बचाव हो सके।
शहरवासियों ने भी प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि सड़कों पर बढ़ते इस खतरे से निजात मिल सके।